क्रिकेट

SA20: Aiden Markram की तूफानी पारी से फाइनल में पहुंचा सनराइडर्स ईस्टर्न कैप

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Feb 10, 2023, 09:29 AM IST

साउथ अफ्रीका टी20 लीग की दो फाइनलिस्ट टीम मिल गई है। दूसरे सेमीफाइनल में सनराइजर्स ईस्टर्न कैप ने सुपर किंग्स की टीम को 14 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने इस मैच में दो विकेट भी झटके।

Image

एडेन मार्करम की टीम फाइनल में

Photo : Twitter

साउथअफ्रीका टी20 लीग के दूसरे सेमीफाइनल मैच में दर्शकों का खूब मनोरंजन हुआ, जिसमें सनराइजर्स ईस्टर्न कैप ने सुपर किंग्स की टीम को 14 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में कुल 400 से ज्यादा रन बने और 11 विकेट गिरे। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ईस्टर्न कैप के कप्तान ने 58 गेंद पर 100 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को बड़े स्कोर 213 रन तक पहुंचाया।

मार्करम का पहला टी20 शतक

सनराइजर्स ईस्टर्न कैप के कप्तान एडेन मार्करम का यह टी20 में पहला शतक है और ये सेमीफाइनल के मौके पर आया। उन्होंने 100 रन की अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। मार्करम ने इस मैच में दो विकेट से भी झटके।

सनराइजर्स ने बनाया विशाल स्कोर

मार्करम की इस शानदार शतकीय पारी के दम पर सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए और जोवर्ग सुपर किंग्स के सामने 214 रन का लक्ष्य रखा। मार्करम के अलावा जॉर्डन हेरमैन ने 48 रन की पारी खेली।

काम नहीं आई रीजा हैंड्रिक्स की तेज-तर्रार पारी

214 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर किंग्स की टीम को विस्फोटक बल्लेबाजी की दरकार थी, जिसकी कमी पूरी की रीजा हैंड्रिक्स ने, जिन्होंने 54 गेंद पर 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 96 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। सुपर किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर केवल 199 रन ही बना पाई। साउथ अफ्रीका टी20 लीग का फाइनल मुकाबला 11 फरवरी को खेला जाएगा, जहां प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स ईस्टर्न कैप की टीम भिड़ेगी।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article