बिजनेस

JIO IPO GMP : बढ़ता जा रहा ग्रे मार्केट प्रीमियम, अभी से मिल रहा मोटे मुनाफे का संकेत

आईपीओ मार्केट में फिलहाल निवेशकों के बीच जियो के आईपीओ को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। हालांकि, अभी इश्यू के लिए सब्सक्रिप्शन शुरू नहीं हुआ है। इससे पहले ही निवेशक इश्यू में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

Image

इस महीने लिस्ट होगा देश का सबसे बड़े इश्यू

Jio Platforms IPO GMP Today: मुकेश अंबानी की कंपनी Jio Platforms के IPO को लेकर ग्रे मार्केट में हलचल तेज है। 21 अक्टूबर को खुलने जा रहे इस IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 19 अक्टूबर, 2026 को ₹251 प्रति शेयर पहुंच गया। IPO के अपर प्राइस बैंड ₹1,119 के मुकाबले यह करीब 22.43% का प्रीमियम है। ऐसे में मौजूदा GMP निवेशकों को लिस्टिंग पर संभावित मुनाफे का संकेत दे रहा है।

Jio IPO GMP से कितने मुनाफे का संकेत?

Jio Platforms IPO का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया है। ग्रे मार्केट में ₹251 का प्रीमियम जोड़ने पर अपर प्राइस बैंड के हिसाब से अनुमानित लिस्टिंग प्राइस ₹1,370 निकलती है। इस आधार पर रिटेल निवेशकों के एक लॉट पर संभावित कमाई का गणित समझिए।

विवरणरकम
IPO का अपर प्राइस बैंड₹1,119
मौजूदा GMP₹251
अनुमानित लिस्टिंग प्राइस₹1,370
एक लॉट में शेयर12
एक लॉट के लिए निवेश₹13,428
अनुमानित लिस्टिंग वैल्यू₹16,440
संभावित ग्रॉस मुनाफा₹3,012
यह गणना तभी लागू होगी जब शेयर ₹1,370 पर लिस्ट होता है। लिस्टिंग प्राइस अलग होने पर मुनाफा या नुकसान भी बदल जाएगा। इसमें टैक्स और अन्य लागू शुल्क शामिल नहीं हैं।

21 अक्टूबर को खुलेगा Jio Platforms IPO

Jio Platforms का ₹30,213 करोड़ का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके तहत कंपनी 27 करोड़ शेयर जारी करने की योजना रखती है। शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को फाइनल होने की संभावित तारीख है, जबकि NSE और BSE पर लिस्टिंग 28 अक्टूबर को संभावित है।

रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट में 12 शेयर रखे गए हैं। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से आवेदन के लिए कम से कम ₹13,428 लगाने होंगे। कंपनी के IPO में पात्र Reliance Industries के शेयरधारकों के लिए भी शेयरधारक कोटा है। आवेदन से पहले पात्रता और रिकॉर्ड डेट की जानकारी कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) से जांचना जरूरी है।

Jio Platforms की कमाई कितनी है?

Jio Platforms के उपलब्ध कंसोलिडेटेड वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय ₹1,49,759.10 करोड़ रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह ₹1,29,333 करोड़ थी। यानी कुल आय में करीब 15.8% की बढ़ोतरी हुई। कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) भी ₹26,120.30 करोड़ से बढ़कर ₹30,052.70 करोड़ हो गया।

Jio Platforms डिजिटल कनेक्टिविटी, मोबाइल और ब्रॉडबैंड सेवाओं, क्लाउड, डिजिटल एप्लिकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी के मुताबिक, 30 जून, 2026 तक उसकी सब्सिडियरी Reliance Jio Infocomm के 53.33 करोड़ ग्राहक थे।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article