आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेलने से ठीक कुछ पल पहले 15 साल के बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी को दिग्गज सुनील गावस्कर के पैर छूते हुए देखा गया। बैटिंग आइकॉन गावस्कर से आशीर्वाद लेने के बाद सूर्यवंशी ने वही किया जिसके लिए अब उन्हें जाना जाता है। जबरदस्त हिटिंग। सुनील गावस्कर ने वैभव को क्या आशीर्वाद दिया था इसका खुलासा किया।
वैभव की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से करारी शिकस्त दी। राजस्थान रॉयल्स अब मुल्लनपुर में होने वाले क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स का सामना करेगी। इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू के दौरान, गावस्कर ने उस पल को याद किया। जब मैच से पहले सूर्यवंशी उनके पास आए थे और बताया कि उन्होंने उस वैभव से क्या कहा था।
'लगे रहो बेटे, लगे रहो'
गावस्कर ने कहा, जब वह मैच से ठीक पहले मेरे पास आया था और हम मैदान पर एक शो कर रहे थे। जब वह आया और उसने मेरे पैर छुए, तो मैंने उससे बस इतना ही कहा, 'लगे रहो बेटे, लगे रहो।' और अगर मैं दूसरे छोर पर उसके साथ बैटिंग कर रहा होता, तो भी मैं उससे ठीक यही कहता।
टीम इंडिया में मिले मौका
गावस्कर का यह भी मानना है कि यह 15 साल का खिलाड़ी जल्द ही इंडिया की सीनियर टीम में जगह बनाने के लिए तैयार है। गावस्कर ने स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए कहा, 2026 को वैभव सूर्यवंशी का साल के तौर पर याद किया जाएगा। वह T20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए उसका चयन जरूर होगा। मेरा मतलब है कि इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह टीम में जगह पाने का हकदार है। अगर इस प्रदर्शन के बाद भी आप उसे मौका नहीं देंगे, तो फिर कब देंगे?
क्वालिफायर-2 मुकाबले में धमाल की उम्मीद
सूर्यवंशी की शानदार बैटिंग की बदौलत उन्होंने क्रिस गेल का 12 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसमें गेल ने एक ही आईपीएल सीजन में 59 छक्के लगाए थे। इस सीजन में अब तक 65 छक्के लगा चुके सूर्यवंशी का गुजरात टाइटन्स के बॉलर्स के साथ मुकाबला शुक्रवार को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले Qualifier 2 में देखने लायक होगा।
