लंदन: इंग्लैंड के धाकड़ पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट की बेस्ट प्लेइंग-11 का ऐलान किया है जिनके खिलाफ उन्होंने क्रिकेट खेली। अपनी इस अल्टीमेट प्लेइंग-11 में ब्रॉड ने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और सबसे ज्यादा 51 शतक जड़ने वाले भारत के धाकड़ बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को जगह नहीं दी है। हालांकि विराट कोहली ब्रॉड की प्लेइंग-11 में जगह हासिल करने में सफल रहे हैं।
स्मिथ और संगकारा होंगे टीम के ओपनर
ब्रॉड ने अपनी टीम में पारी की शुरुआत के लिए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ग्रीह्म स्मिथ और श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा को चुना है। संगकारा टीम के विकेटकीपर भी होंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉटिंग को उन्होंने तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी के लिए चुना है। विराट कोहली नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उनकी पसंद बने हैं। विराट की उन्होंने सचिन तेंदुलकर पर वरीयता दी है।
ब्रॉड ने माना कि मिडिल ऑर्डर को लेकर उन्हें काफी माथा-पच्ची करनी पड़ी और उन्होंने पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए स्टीव स्मिथ और जैक कैलिस को चुना। कैलिस इस टीम में शामिल एकमात्र ऑलराउंडर हैं। एबी डिविलियर्स को ब्रॉड ने सातवें पायदान पर रखा। जिससे टीम को आक्रामक बल्लेबाज के साथ एक अतिरिक्त विकेटकीपर भी मिल गया। ऐसे में टीम की बल्लेबाजी का धार बढ़ गई।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों पर जताया पेस अटैक के लिए भरोसा
गेंदबाजी के लिए ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया के दो धाकड़ तेज गेंदबाजों मिचेल जॉनसन और मिचेल स्टार्क को चुना है। वहीं उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पेसर डेल स्टेन को भी अपनी टीम में जगह दी है। टीम में एकमात्र स्पिनर के रूप में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन को ब्रॉड ने अपनी टीम में जगह दी है। तेज गेंदबाज के रूप में एक विकल्प जैक कैलिस भी हैं जिन्हें टीम में ऑलराउंडर के रूप में जगह मिली है।
