श्रीलंका के T20I कप्तान और ICC टी20 रैंकिंग में नंबर दो के गेंदबाज वानिंदु हसरंगा पर दो मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। उन पर यह बैन इसलिए लगा है क्योंकि उनके डिमेरिट प्वाइंट की संख्या 24 महीने के भीतर 5 हो गई है। ऐसा हाल ही में आईसीसी कोड को उल्लंघन करने के बाद हुआ है। हाल ही में हसरंगा को ICC कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन करने पर उनके मैच फीस का 50 प्रतिशत और 3 डिमेरिट प्वाइंट दिए गए थे।
क्या है मामला?
हसरंगा को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.13 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी या फिर अंपायर या मैच रेफरी के व्यक्तिगत दुर्व्यवहार" से संबंधित है। हसरंगा के पांच डिमेरिट प्वाइंट हो जाने के कारण उन पर यह बैन लगा है। इसका मतलब यह है कि उन पर या तो एक टेस्ट मैच या दो वनडे या टी20I, जो भी पहले हो, लगाया जाएगा। नतीजतन, हसरंगा अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका के पहले दो टी20 मैचों में भाग नहीं ले पाएंगे।
कब की है यह घटना?
यह घटना दांबुला में श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच तीसरे टी20I के अंत में सामने आई, जब हसरंगा ने एक हाई फुल टॉस के फैसले को नो-बॉल नहीं करार दिए जाने के संबंध में अंपायर लिंडन हैनिबल से के फैसले से असहमति जताई थी।
रहमानुल्लाह गुरबाज भी लगा जुर्माना
अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ पर भी जुर्माना लगाया गया है। उसी मैच में आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। उन्हें संहिता के अनुच्छेद 2.4 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो "एक अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान एक अंपायर के निर्देश की के प्रति असहमति" से संबंधित है।
