क्रिकेट

बड़ा बदलावः अब श्रीलंका सरकार ने अपने हाथ में लिया देश का क्रिकेट बोर्ड, जानिए अचानक क्यों हुआ फैसला

Sri Lanka Government To take over Sri Lanka Cricket Board: श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) का प्रशासन अब श्रीलंका सरकार ने अपने हाथों में लेने का फैसला सुना दिया है। आखिर क्यों हुआ ये फैसला, क्या है पूरा मामला, यहां जानिए।

Image

श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा बदलाव (X)

KEY HIGHLIGHTS
  • श्रीलंका क्रिकेट में हुआ बड़ा बदलाव
  • अब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की कमान सरकार के हाथों में
  • श्रीलंका सरकार चलाएगी SLC का प्रशासन

Sri Lanka Government Takes over SLC: श्रीलंका सरकार ने बुधवार को देश के क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और कार्यकारी समिति के इस्तीफे के बाद बोर्ड का प्रशासन अपने हाथ में लेने का फैसला किया। श्रीलंका क्रिकेट के प्रमुख सिल्वा और अन्य पदाधिकारियों ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने वित्तीय अनियमितताओं के बढ़ते आरोपों के बाद उनके आपसी सहमति से पद छोड़ने का समझौता कराया था।

श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे ने एक विज्ञप्ति में कहा, "1973 की खेल कानून की संख्या 25 की धारा 31 और 34 के तहत प्रदान की गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्रीलंका क्रिकेट के सभी प्रशासनिक कार्यों को अस्थायी रूप से खेल मंत्रालय के अधीन लाया जाएगा।" उन्होंने इसके साथ ही कहा कि मौजूदा पदाधिकारियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्रीलंकाई क्रिकेट में मौजूदा समस्याओं का समाधान करने और सुधारों को लागू करने के लिए जल्द ही एक अंतरिम समिति गठित की जाएगी। कार्यकारी समिति की मंगलवार को लगभग तीन घंटे तक चली बैठक के बाद सिल्वा ने इस्तीफा देने का फैसला किया। हालांकि, इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया गया।

श्रीलंका की सरकार खिलाड़ियों की शिकायतों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए मार्च की शुरुआत से ही सिल्वा को बर्खास्त करने पर विचार कर रही थी।

सिल्वा पिछले सात वर्षों से एसएलसी के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2019 में बहुमत हासिल किया था जबकि 2021, 2023 और 2025 में उन्हें निर्विरोध चुना गया था। सिल्वा ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने 2025 में जय शाह से यह पद संभाला था।

(भाषा इनपुट्स के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article