क्रिकेट

श्रीलंका के धाकड़ खिलाड़ी को बोर्ड ने किया तत्काल प्रभाव से निलंबित, जानिए क्या है वजह?

हाल ही में संपन्न हुई लंका प्रीमियर लीग में गॉल मार्वल्स की कमान संभालने वाले श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानिए क्या है इसकी वजह?

Image

निरोशन डिकवेला

KEY HIGHLIGHTS
  • डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए डिकवेला
  • लंका प्रीमियर लीग के दौरान हुआ था टेस्ट
  • श्रीलंका क्रिकेट ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

कोलंबो: श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान डोपिंग रोधी उल्लघंन के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया। श्रीलंका क्रिकेट ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से इस फैसले की घोषणा की। यह कथित घटना हाल में खत्म हुई एलपीएल के दौरान हुई थी जहां उन्होंने गॉल मार्वल्स की कप्तानी की थी।

डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद हुई कार्रवाई

श्रीलंका क्रिकेट के बयान में कहा गया,'निलंबन तुरंत प्रभावी है और अगली सूचना तक लागू रहेगा। यह जांच श्रीलंका डोपिंग रोधी एजेंसी (एसएलएडीए) द्वारा लंका प्रीमियर लीग 2024 के दौरान की गई थी जो खेल की अखंडता को बनाए रखने के लिए श्रीलंका क्रिकेट की चल रही प्रतिबद्धता का हिस्सा है।'

मार्च 2023 से टीम से हैं बाहर

इसके अनुसार,'खेल मंत्रालय के सहयोग से और विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी (वाडा) के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्रिकेट प्रतिबंधित पदार्थों के प्रभाव से मुक्त रहे।' बायें हाथ के इस खिलाड़ी को पहले भी श्रीलंका क्रिकेट ने उनके खराब अनुशासनात्मक रिकॉर्ड के लिए तलब किया था। यह 31 वर्षीय खिलाड़ी श्रीलंका के लिए आखिरी बार पिछले साल मार्च में खेला था।

ऐसा रहा है डिकवेला का अंतरराष्ट्रीय करियर

31 वर्षीय डिकवेला ने श्रीलंका के लिए 54 टेस्ट,55 वनडे और 28 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने तीनों फॉर्मेट में 2 शतक और 32 अर्धशतक की मदद से 4,841 रन बनाए हैं। 116 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन टेस्ट में 96 वनडे में रहा है। वो आखिरी बार श्रीलंका की जर्सी में न्यूजीलैंड दौरे पर क्राइस्टचर्च टेस्ट में खेलते नजर आए थे। वनडे टीम से वो 2022 और टी20 टीम से 2021 से बाहर हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article