Sri Lanka ODI Squad: वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी में जुटी श्रीलंका क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) की सेलेक्शन कमेटी ने इस स्क्वॉड को चुना है, जो वर्ल्ड कप 2027 के रोडमैप के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस के हाथों में सौंपी गई है। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिल रहा है। सेलेक्टर्स ने ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया है जो लंबे समय तक वनडे सेटअप का हिस्सा बन सकते हैं।
पथुम निसांका भी टीम में शामिल
ओपनर पथुम निसांका को भी 16 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। SLC ने साफ किया है कि निसांका तभी टीम के साथ ट्रैवल करेंगे जब उन्हें मेडिकल टीम पूरी तरह फिट घोषित कर देगी। वह पिछले कुछ समय से इंजरी से जूझ रहे हैं और उनकी वापसी टीम के लिए बड़ी ताकत होगी। टॉप ऑर्डर में निसांका के अलावा अविष्का फर्नांडो, कामिल मिशारा और युवा पवन रत्नायके जैसे विकल्प मौजूद हैं। मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी सहान अराच्चिगे, कामिंदु मेंडिस और जनिथ लियानागे संभालेंगे। टीम में पूर्व कप्तान दासुन शनाका की वापसी हुई है, जो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर अहम भूमिका निभाएंगे। उनके साथ स्पिन ऑलराउंडर दुनिथ वेलालागे भी टीम में हैं।
महीश तीक्षणा करेंगे स्पिन अटैक की अगुवाई
गेंदबाजी की बात करें तो स्पिन अटैक की अगुवाई महीश तीक्षणा करेंगे। उनके साथ युवा रिस्ट स्पिनर सचिंदु कोलंबागे को मौका मिला है। तेज गेंदबाजी यूनिट में दुष्मंथा चमीरा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका और ईशान मलिंगा शामिल हैं। यह पेस अटैक पाकिस्तान की बैटिंग फ्रेंडली पिचों पर श्रीलंका को शुरुआती विकेट दिलाने में मदद कर सकता है। श्रीलंकाई बोर्ड इस सीरीज को वर्ल्ड कप 2027 के कोर कॉम्बिनेशन को बनाने के तौर पर देख रहा है।
कब से शुरू होगी सीरीज
यह त्रिकोणीय सीरीज 18 अक्टूबर से शुरू होगी। इससे पहले श्रीलंका पाकिस्तान दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। उसके बाद वनडे ट्राई-सीरीज में पाकिस्तान और इंग्लैंड के साथ मुकाबले होंगे।
श्रीलंका वनडे स्क्वॉड
कुसल मेंडिस (कप्तान), सहान अराच्चिगे, दुष्मंथा चमीरा, सचिंदु कोलंबागे, अविष्का फर्नांडो, असिथा फर्नांडो, जनिथ लियानागे, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, कामिल मिशारा, पथुम निसांका, पवन रत्नायके, दासुन शनाका, महीश तीक्षणा, दुनिथ वेलालागे
