बिजनेस

अगले दशक में दुनिया में सबसे ज्यादा बढ़ेगी भारत की ऊर्जा मांग, आयात पर भी बढ़ेगी निर्भरता

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के अनुसार, भारत में अगले दशक में ऊर्जा मांग में दुनिया के किसी भी अन्य देश की तुलना में सबसे अधिक वृद्धि होगी।

Image

सबसे तेजी से बढ़ेगी भारत की एनर्जी डिमांड (AI Generated Image)

भारत आने वाले दशक में दुनिया में ऊर्जा की मांग बढ़ाने वाला सबसे बड़ा देश बन सकता है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में ऊर्जा की मांग सालाना औसतन 2.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। यह वैश्विक औसत वृद्धि दर से करीब तीन गुना है। बढ़ती आबादी, औद्योगिक विकास, शहरीकरण और वाहनों के साथ एयर कंडीशनर (AC) की बढ़ती संख्या इसकी प्रमुख वजहें हैं। हालांकि, ऊर्जा की मांग बढ़ने के साथ भारत की आयातित ईंधन पर निर्भरता भी बढ़ सकती है।

तेल और प्राकृतिक गैस की मांग में तेजी

न्यूज एजेंसी, भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईईए की 'विश्व ऊर्जा परिदृश्य 2026' रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2025 में तेल की मांग करीब 56 लाख बैरल प्रतिदिन थी। इसके 2035 तक बढ़कर 75 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंचने का अनुमान है। यानी इस दौरान तेल की मांग में करीब 19 लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, प्राकृतिक गैस की मांग 69 अरब घन मीटर से बढ़कर 137 अरब घन मीटर तक पहुंच सकती है। दूसरी ओर, देश में कच्चे तेल का घरेलू उत्पादन 2035 तक करीब 20 प्रतिशत घट सकता है। ऐसे में तेल की जरूरत पूरी करने के लिए आयात पर निर्भरता बढ़ेगी। भारत फिलहाल अपनी कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा दूसरे देशों से खरीदता है।

एलपीजी आयात की जरूरत भी बढ़ेगी

भारत में रसोई गैस यानी एलपीजी की खपत तेजी से बढ़ रही है, जबकि घरेलू उत्पादन उस रफ्तार से नहीं बढ़ रहा। 2025 में देश में करीब 4.50 लाख बैरल प्रतिदिन एलपीजी का उत्पादन हुआ, जो कुल मांग का लगभग 40 प्रतिशत था। आईईए का अनुमान है कि 2035 तक एलपीजी की मांग में करीब चार लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे आयात की जरूरत भी बढ़ेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, पाइप से प्राकृतिक गैस और बिजली से खाना पकाने को बढ़ावा देने पर एलपीजी आयात को कम किया जा सकता है।

बिजली की मांग में भी होगी बड़ी बढ़ोतरी

भारत में अगले दशक में बिजली की मांग सालाना करीब छह प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। इसकी वजह उद्योगों का विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल और घरों में AC की बढ़ती संख्या होगी। अनुमान है कि इस दौरान हर दिन 12 हजार से अधिक नई कारें सड़कों पर आएंगी और घरों में 20 करोड़ अतिरिक्त AC लगाए जाएंगे।

हालांकि, भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले दशक में बिजली उत्पादन क्षमता में हुई कुल बढ़ोतरी में करीब आधा योगदान सौर ऊर्जा का रहा। देश ने 2025 में अपनी स्थापित बिजली क्षमता में गैर-जीवाश्म ईंधन की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य भी समय से पांच साल पहले हासिल कर लिया। ऐसे में आने वाले वर्षों में भारत के लिए ऊर्जा की बढ़ती जरूरत पूरी करने के साथ आयात पर निर्भरता घटाना भी बड़ी चुनौती होगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article