क्रिकेट

Asia Cup 2025: श्रीलंका ने किया एशिया कप के लिए टीम का ऐलान, धाकड़ स्पिनर की हुई टीम में वापसी

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप 2025 के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम के पूर्व कप्तान और स्टार स्पिनर वनिंदु हसरंगा का टी20 टीम में चोट से उबरने के बाद वापसी हुई है।

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Sri Lanka Cricket X)

कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप 2025 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया। लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा को नौ सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित होने वाले एशिया कप के लिए 16 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है। हसरंगा जिम्बाब्वे दौरे के लिए श्रीलंकाई टीम का हिस्सा नहीं हैं। जिम्बाब्वे दौरा शुक्रवार को हरारे में पहले वनडे मैच से शुरू होगा। इस दौरे में श्रीलंका एक और वनडे तथा तीन टी-20 मैच खेलेगा।

हसरंगा की हैमस्ट्रिंग में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान खिंचाव आ गया था। ऐसे में वो एशिया कप 2025 में शिरकत करने के लिए फिट हो गए हैं। श्रीलंका ने हसरंगा के अलावा एशिया कप की टीम में दो युवा बल्लेबाजों कामिल मिशारा और नुवानिदु फर्नांडो को भी शामिल किया है। श्रीलंका को एशिया कप में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और हांगकांग के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। सुपर फोर चरण से पहले श्रीलंका का सामना 13 सितम्बर को बांग्लादेश से, 15 सितम्बर को हांगकांग से और 18 सितम्बर को अफगानिस्तान से होगा।

श्रीलंका की एशिया कप के लिए 16 सदस्यीय टीम:

चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा (विकेटकीपर), नुवानिदु फर्नांडो, कमिंदु मेंडिस, कामिल मिशारा, दसुन शनाका, वनिंदु हसरंगा, दुनिथ वेललागे, चमिका करुणारत्ने, महीष तीक्ष्णा, दुशमंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article