क्रिकेट

INDW vs SAW 1st T20I: पहले टी20 में टीम इंडिया को मिली हार, जेमिमा की आतिशी पारी पर फिरा पानी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 12 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

Image

हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्ज( साभार BCCI Women)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में भारतीय महिला टीम को मिली हार
  • जीत के लिए मिले 190 रन के लक्ष्य को नहीं कर पाई हासिल
  • जेमिमा रोड्रिग्ज के आतिशी अर्धशतक पर फिरा पानी

चेन्नई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 12 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। जीत के लिए मिले 190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बना सकी और 12 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीकी टीम की यह मौजूदा भारत दौरे पर पहली जीत है। मैच में टॉस भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन खराब फील्डिंग की वजह से बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को 20 ओवर में 4 विकेट पर 189 रन का स्कोर खड़ा करने दिया। टैजमिन बिट्स ने 56 गेंद पर 81 और मारिजान कप ने 33 गेंद में 57 रन की पारी खेलकर टीम को 189 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। भारत के लिए पूजा वस्त्राकर और राधा यादव ने 2-2 विकेट चटकाए।

मंधाना-शेफाली ने दिलाई टीम को तेज शुरुआत

जीत के लिए 190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 4.5 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद जल्दी ही शेफाली वर्मा 18(14) रन बनाकर खाका की गेंद पर विकेट के पीछे जाफ्टा के हाथों लपके गए।

दोहरे झटके से टीम इंडिया ने गंवाई लय

पहला विकेट गंवाने के बाद मंधाना तो रन तेजी से बनाती रहीं लेकिन दयालन हेमलता संघर्ष करती दिखीं ऐसे में रनों की रफ्तार कम हो गई। ऐसे में दबाव में मंधाना 30 गेंद में 46 रन बनाकर टायरॉन की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों लपकी गईं। इसके बाद अगली ही गेंद पर दयालन हेमलता भी डि क्लार्क की गेंद पर बोल्ड हो गईं। ऐसे में टीम इंडिया का स्कोर 10.1 ओवर में 3 विकेट पर 87 रन हो गया।

हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी

11वें ओवर में दो नए बल्लेबाज खाता खोलो बगैर मैदान में थे। एक छोर पर जेमिमा रोड्रिग्ज और दूसरे पर हरमनप्रीत कौर थीं। दोनों ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 12.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 38 गेंद में पूरी कर ली। रोड्रिग्ज ने इस साझेदारी में 38 रन का योगदान दिया। टीम इंडिया ने 17.5 ओवर में 150 रन बना लिए थे।

अंतिम ओवर में टीम इंडिया नहीं बना पाई 21 रन

अंतिम 12 गेंद में भारतीय टीम को जीत के लिए 39 रन बनाने थे। ऐसे में जेमिमा ने 19वें ओवर की शुरुआत लगातार दो चौके जड़कर की और ओवर की अंत छक्के के साथ किया। खाका ने इस ओवर में 18 रन लुटाए। छक्के के साथ रोड्रिग्ज ने अपना अर्धशतक भी 29 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मददे से पूरा कर लिया। अंतिम ओवर में जीत के लिए 21 रन टीम इंडिया को बनाने थे लेकिन मलामा ने कसी हुई गेंदबाजी करके ऐसा नहीं करने दिया। आखिरी गेंद पर कप्तान हरमनप्रीत स्टंपिंग हो गईं और टीम इंडिया 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बना सकी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article