बेनोनी, (भाषा)। कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के नाबाद अर्धशतक के बाद नोनकुलुलेको मलाबा और नदिनी डि क्लर्क की धारदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें और अंतिम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 23 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज 4-1 से अपने नाम की। दक्षिण अफ्रीका के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम मलाबा (15 रन पर दो विकेट) और डि क्लर्क (26 रन पर दो विकेट) की प्रभावी गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
एलिज मारी मार्क्स, क्लो ट्रायोन और अयाबोंगा खाका ने भी एक-एक विकेट चटकाया। भारत की ओर से भारत फुलमाली ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। उनके अलावा ऋचा घोष (नाबाद 25) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं। दक्षिण अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी।
वोल्वार्ड्ट की तूफानी पारी
दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले बेहतरीन फॉर्म में चल रही वोल्वार्ड्ट की नाबाद 92 रन की पारी से छह विकेट पर 155 रन बनाए। शुरुआती चार मैच में एक शतक और दो अर्धशतक जड़ चुकी वोल्वार्ड्ट ने 26 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए लेकिन लौरा एक छोर पर डटी रहीं।
भारत की खराब बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत ने चौथे ओवर तक ही सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (04) और जेमिमा रोड्रिग्स (01) के विकेट गंवा दिए। शेफाली को मार्क्स ने पवेलियन भेजा जबकि जेमिमा की पारी का अंत खाका ने किया। दोनों बल्लेबाजों के कैच ट्रायोन ने लपके। सलामी बल्लेबाज अनुष्का शर्मा (17) भी इसके बाद डि क्लर्क की गेंद पर ट्रायोन को कैच दे बैठीं, जिससे भारत का स्कोर आठवें ओवर में तीन विकेट 38 रन हो गया।
ऋचा की कोशिश बेकार
भारती और हरमनप्रीत ने चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन रन गति में इजाफा करने में नाकाम रहीं।
मलाबा ने हरमनप्रीत को वोलवार्ट के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। ट्रायोन ने 16वें ओवर में भारती को पगबाधा करके भारत को बड़ा झटका दिया। भारती ने 30 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के मारे। अंतिम ओवरों में ऋचा भी मौजूदगी भी भारत को लक्ष्य के करीब नहीं पहुंचा पाई।
