क्रिकेट

चीफ सेलेक्टर आकिब पर भी गिर सकती है गाज, जारी है पीसीबी का सफाई अभियान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का सफाई अभियान अभी थमने वाला नहीं है। अब इस कड़ी में चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद भी नप सकते हैं। पहले ही कोच और 7 खिलाड़ियों पर खराब प्रदर्शन करने की गाज गिर चुकी है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (साभार-x)

9 सितंबर से बर्मिंघम में होने वाले इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरे टेस्ट से पहले पीसीबी फुल सफाई के मूड में है और इस क्रम में कई और बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। दूसरे टेस्ट के बाद पीसीबी ने 7 खिलाड़ियों सहित कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को हटा दिया था। लेकिन लगता नहीं है कि पीसीबी यही रुकने वाली है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से चीफ सेलेक्टर को भी हटाने की बात चल रही है। एक रिपोर्ट की मानें तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड के दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद प्रबंधन में व्यापक बदलाव करने के लिए ’सफाई अभियान’ चलाया है जिसमें पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और चयनकर्ता आकिब जावेद को राष्ट्रीय चयन समिति से हटाए जाने की संभावना है।

पीसीबी के सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा सहित सात खिलाड़ियों को इंग्लैंड से वापस भेजे जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। इस फैसले ने चयन समिति और टीम प्रबंधन में व्यापक बदलाव की अटकलों को जन्म दिया है। एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ’’आकिब को संभवतः लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में विकास निदेशक के रूप में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा जाएगा।’’

उन्होंने दावा किया कि रिजवान, इमाम और सलमान को वापस भेजना पीसीबी की योजना का हिस्सा था, जिसमें पहले दो खिलाड़ियों को न केवल खराब फॉर्म बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार के कारण भी टीम से बाहर किया गया था।

सूत्र ने बताया, ’’बाकी खिलाड़ियों को टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन की सिफारिश पर वापस भेजा गया, जो कुछ ऐसे खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे जिनके साथ उन्होंने सीमित ओवरों की टीम के लिए लगाए गए शिविर में काम किया था।’’

सूत्रों ने दावा किया कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ’सफाई अभियान’ के लिए उत्सुक थे और अब चयन समिति में बदलाव किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार एक अन्य चयनकर्ता पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पहले ही पद छोड़ने की पेशकश कर दी है। सूत्र ने बताया, ’’इंग्लैंड दौरे के बाद एक नई चयन समिति की घोषणा की जा सकती है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article