क्रिकेट

साउथ अफ्रीका ने सेंट्रल कॉन्‍ट्रैक्‍ट में दिया ठेंगा तो तिलमिलाकर खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने इस साल केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।37 वर्षीय खिलाड़ी वान डेर डुसेन ने पिछले साल मार्च से दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोई मैच नहीं खेला था। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में उन्होंने आखिरी बार क्रिकेट खेला था।

Image

रासी वान डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा। फाइल फोटो

जोहानिसबर्ग (भाषा)। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने इस साल केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की, लेकिन कहा कि वह अपनी घरेलू टीम लायंस की तरफ से खेलते रहेंगे।

जोहानिसबर्ग के 37 वर्षीय खिलाड़ी वान डेर डुसेन ने पिछले साल मार्च से दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोई मैच नहीं खेला था। उन्होंने 2018 में 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। रासी ने 18 टेस्ट, 71 वनडे और 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

वान डेर डुसेन ने एक्स पर जारी किए गए बयान में कहा, 'मैं अत्यंत गर्व और कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं। दक्षिण अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसमें आपकी दृढ़ता और समर्पण की परीक्षा होती है और आपको इसका इनाम भी मिलता है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से खेलना मेरे लिए अपने खेल जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।

लायंस के लिए खेलते रहेंगे क्रिकेट

वान डेर डुसेन ने कहा, दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम की तरफ से मेरा सफर हालांकि खत्म हो गया है लेकिन मैं अपनी प्यारी टीम ’लायंस’ के लिए खेलना जारी रखूंगा। मैं दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को सिखाकर और उनका मार्गदर्शन करके इस खूबसूरत खेल में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।'

2022 में खेला था आईपीएल

वान डेर डुसेन ने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और उसके बाद वे सभी प्रारूपों के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने वनडे में अपना विशेष प्रभाव छोड़ा। उन्होंने इस प्रारूप में 50 से अधिक के औसत से 2657 रन बनाए, जिनमें छह शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। वान डेर डुसेन ने अपने पूरे करियर के दौरान उनका समर्थन करने के लिए अपने कोच, टीम के साथियों और अपनी पत्नी का आभार व्यक्त किया। दक्षिण अफ्रीका का यह बल्लेबाज 2022 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इंडियन प्रीमियर लीग में भी खेला था।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article