क्रिकेट

IND W vs ENG W: हरमनप्रीत कौर ने बताया इंग्लैंड के खिलाफ कहां और कैसे फिसला हाथ से मैच

इंग्लैंड के खिलाफ महिला विश्व कप के रविवार को इंदौर में खेले गए करीबी मुकाबले में टीम इंडिया की हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि मैच कहां पर उनकी टीम के हाथ से और कैसे फिसल गया।

Image

हरमनप्रीत कौर

Photo : AP

इंदौर: भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को यहां आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में इंग्लैंड के हाथों मिली चार रन की हार के बाद कहा कि स्मृति मंधाना का विकेट गंवाना ‘टर्निंग प्वाइंट’ रहा। स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के अर्धशतकों के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा। यह भारतीय टीम की लगातार तीसरी हार थी जबकि इंग्लैंड ने इस जीत से आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

स्मृति का विकेट रहा मैच का टर्निंग प्वाइंट

भरोसेमंद बल्लेबाज नाइट के शतक और एमी जोन्स (56 रन) की अर्धशतकीय पारी के बाद इंग्लैंड की टीम शानदार शुरूआत के बावजूद आठ विकेट पर 288 रन ही बना सकी। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए मंधाना (88 रन), हरमनप्रीत (70 रन) और दीप्ति (50 रन) का अर्धशतक भी काम नहीं आ सका। टीम 50 ओवर में छह विकेट पर 284 रन बनाकर हार गई। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा,'स्मृति का विकेट हमारे लिए ‘टर्निंग प्वाइंट’ था। हमारे पास बल्लेबाजी के लिए बल्लेबाज थे, लेकिन पता नहीं कि चीजें कैसे बदल गईं।'

दिल तोड़ने वाली है हार

ऑफ स्पिनर दीप्ति ने 51 रन देकर चार विकेट झटककर गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जड़ा। लेकिन अपने हरफनमौला के प्रदर्शन के बावजूद टीम को जीत तक नहीं ले जा सकीं। उन्होंने कहा,'इंग्लैंड को श्रेय जाता है। उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी, वे लगातार गेंदबाजी करते हुए विकेट लेते रहे। जब आप इतनी मेहनत करते हैं तो यह बहुत बुरा लगता है। अंतिम पांच छह ओवर योजना के अनुसार नहीं गए।' यह दिल तोड़ने वाला पल है। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, हम हार नहीं मानेंगे, लेकिन हमें जीत के लिए लक्ष्य हासिल करना होगा। पिछले तीन मैचों में हमने अच्छा क्रिकेट खेला, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।'

करो या मरो की स्थिति में पहुंचा भारत

भारत अब करो या मरो की स्थिति में पहुंच गया है और उसे अंतिम सेमीफाइनल स्थान हासिल करने के लिए बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। अब गुरुवार को उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। उन्होंने कहा,'अगला मैच बहुत महत्वपूर्ण है। हमारी गेंदबाजों ने अच्छा काम किया। हमने बहुत कुछ सही किया, लेकिन आखिरी पांच ओवरों के बारे में हमें दोबारा सोचना होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ अगला मैच बहुत महत्वपूर्ण है।'

संयम रखने का मिला फायदा: ब्रंट

इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने कहा,'जीत से बहुत खुश हूं। हर किसी ने संयम दिखाया। गेंदबाजी में हमें रणनीति पर अडिग रहना था। हालांकि हरमन और स्मृति के बीच भागीदारी बनी। वे आसानी से लक्ष्य तक पहुंच सकती थीं। लेकिन हमें पता था कि अगर हमें एक विकेट मिल गया तो दबाव उन पर आ जाएगा।' नाइट को शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article