क्रिकेट

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में रिकॉर्ड की दहलीज पर मंधाना, टी20 में टॉप पर जाने का मौका

एशिया कप 2026 में अपना आखिरी लीग मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेलने वाली भारतीय टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना के पास टी20 में सबसे सफल बैटर बनने का मौका है।

Image

स्मृति मंधाना (साभार-X)

हांगकांग के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली मंधाना एक और खास मुकाम की दहलीज पर खड़ी हैं। एशिया कप 2026 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में जब भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगी तो स्मृति मंधाना के पास सबसे छोटे फॉर्मेट में भी टॉप पर पहुंचने का मौका होगा। भारतीय उप-कप्तान और सुपरस्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स को पछाड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने मौका है। वह इस जादूई आंकड़े से केवल 78 रन दूर हैं।

स्मृति, जिन्होंने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंदों में तूफानी 124 रन बनाकर महिला क्रिकेट में टॉप स्कोरर और शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब पाकिस्तान से भिड़ते हुए उनके पास एक और रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। मंधाना के नाम 173 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में, 167 पारियों में 30.79 की औसत और 126.54 के स्ट्राइक रेट से 4,681 रन हैं, जिनमें दो शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 क्रिकेट की बात करें तो टॉप पर सूजी हैं, जिन्होंने 186 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 178 पारियों में 28.83 के औसत और 108.60 के स्ट्राइक रेट से 4,758 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।

इस बाएं हाथ के बैटर का पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अच्छा रिकॉर्ड है, उन्होंने 11 पारियों में 30.70 की औसत और 111.23 के स्ट्राइक रेट से 307 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल है। पाकिस्तान के खिलाफ उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 68 रन है। आज तक मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ इस फॉर्मेट में शतक नहीं जड़ पाई हैं। हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी पर इस मैच में कोई खास दबाव नहीं होगा, क्योंकि टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article