बर्मिंघम: टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में बल्ले से इतिहास रचने से चूक गए। हालांकि गिल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान बन गए। गिल 387 गेंद में 269 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 30 चौके और तीन छक्के जड़े। गिल का तिहरा शतक जड़ने का सपना जोश टंग ने तोड़ दिया। ओली पोप ने टंग की गेंद पर कैच लपका।
तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करने आए गिल ने अपनी ऐतिहासिक पारी में विराट कोहली का बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में नाबाद 254* रन की पारी खेली थी। गिल ने विराट को 15 रन के अंतर से पीछे छोड़ दिया।
तिहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बनने से चूके
गिल अगर 31 रन और बना लेते तो वो वीरेंद्र सहवाग और करुण नायर के बाद टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाली तीसरे भारतीय बन जाते। सहवाग में नजफगढ़ के नवाब के नाम से विख्यात वीरेंद्र सहवाग ने साल 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में 309 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2008 में चेन्नई में 319 रन की पारी खेली थी। वहीं इंग्लैंड दौरे के लिए मौजूदा टीम में शामिल किए गए करुण नायर ने चेन्नई में साल 2016 में नाबाद 303* रन बनाए थे। अगर गिल तिहरा शतक जड़ने में सफल होते तो वो SENA देशों में ऐसा करने वाले पहले एशियाई कप्तान बन जाते।
SENA देशों दोहरा शतक जड़ने वाले पहले एशियाई कप्तान
शुभमन गिल भारत के लिए SENA देशों( दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय और एशियाई कप्तान जरूर बन गए। उन्होंने साल 1990 में मोहम्मद अजहरुद्दीन के बनाए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अजहर ने मैनचेस्टर टेस्ट में कप्तानी करते हुए 179 रन की पारी खेली थी। 35 साल पुराना कप्तानी रिकॉर्ड गिल ने तोड़ा और विदेशी सरजमीं पर भारतीय कप्तान द्वारा बनाए विराट के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। विराट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2016 में एंटिगा के नॉर्थ साउंड में 200 रन की पारी खेली थी।
