क्रिकेट

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया को लगा झटका, बाहर हुए कप्तान शुभमन गिल

शुभमन गिल चोट के कारण दूसरे दिन के खेल से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर टीम इंडिया की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत संभाल रहे हैं। उन्होंने हार्मर को बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से चौका मारा, लेकिन इस दौरान उनकी गर्दन में ऐंठन हो गई।

Image

भारत और साउथ अफ्रीका (साभार-BCCI )

भारतीय कप्तान शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में गर्दन में ऐंठन आने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। गिल उसके बाद दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने गिल को लेकर ताजा अपडेट देते हुए कहा, ‘‘शुभमन गिल की गर्दन में ऐंठन है और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। आज उनकी प्रगति को देखकर उनके आगे खेलने के बारे में फैसला किया जाएगा।’’

गिल ने सिर्फ तीन गेंदें खेलीं, जिसके बाद चोट के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने चार रन बनाए। उन्होंने हार्मर को बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से चौका मारा, लेकिन इस दौरान उनकी गर्दन में ऐंठन हो गई। फिजियो तुरंत ही मैदान पर पहुंचे लेकिन इस स्टार बल्लेबाज को रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। यह घटना ड्रिंक्स ब्रेक के बाद 35वें ओवर में घटी। लेकिन वह बाद में भी बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। नतीजा भारत की पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 189 रन पर रुक गई। पहली पारी के आधार पर भारत ने 30 रन की बढ़त ली।

दूसरे दिन मैदान से बाहर हुए गिल

ऐसा नहीं है कि गिल बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। वह दूसरे दिन दोबारा मैदान में भी नहीं लौटेंगे। उनके अनुपस्थिति में उप-कप्तान ऋषभ पंत टीम की कमान संभाल रहे हैं। पंत को कोच गौतम गंभीर के साथ बातचीच करते भी देखा गया। पंत पहली बार टेस्ट में कप्तानी करते नजर आएंगे।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article