KKR vs LSG: ईडेन गार्डन्स में कोलकाता ने लखनऊ को हराकार आसान जीत दर्ज कर ली। केकेआर ने फिल सॉल्ट के 47 गेंद में नाबाद 89 रन और श्रेयस अय्यर की 38 रन की पारी के दम पर लखनऊ को हरा दिया। यह पहला मौका है जब केकेआर ने लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 120 रन की साझेदारी की। यह केकेआर की इस सीजन चौथी जीत है और वह 8 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई।
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया। केकेआर की टीम लखनऊ को इस छोटे स्कोर पर रोक पाई तो इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह रहे मिचेल स्टार्क। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इस सीजन पहली बार ऐसा लगा कि केकेआऱ ने स्टार्क को खरीदकर कोई गलती नहीं की।
लखनऊ की ओर से सर्वाधिक 45 रन की पारी निकोलस पूरन ने खेली। पूरन के अलावा केएल राहुल ने 39 और पिछले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले आयुष बदोनी ने 27 गेंद में 29 रन बनाए। लखनऊ की 6 मैच में यह तीसरी हार थी।
जीत के बाद क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
लखनऊ के खिलाफ मिली पहली जीत के बाद केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर बेहद खुश दिखे। उन्होंने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों की जमकर तारीफ की और इस जीत को आसान बताया। हमलोग कोशिश कर रहे थे कि गेंद जितनी हो स्लो डाली जाए। गेंदबाजों ने इसे सहजता से लागू भी किया। जब हम विकेट ले रहे थे तो गेंदबाजों का एफर्ट देखने लायक था। हम इस प्रदर्शन को आगे भी दोहराना चाहते हैं।
