क्रिकेट

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, कप्तान श्रेयस अय्यर ने किसे दिया श्रेय?

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम की धमाकेदार जीत का श्रेय कप्तान श्रेयस अय्यर ने किसे दिया।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अफगानिस्तान पर मिली जीत के बाद कहा कि सभी खिलाड़ियों ने मिलकर बेहतरीन योगदान दिया। भारत ने अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा (82 रन) की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी से अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अभिषेक ने 32 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान सात छक्के और इतने ही चौके जमाए। उन्होंने ईशान किशन (42 रन, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 121 रन की शतकीय साझेदारी निभाई जिससे भारत ने 157 रन का लक्ष्य महज 13.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

सभी ने दिया जीत में योगदान

अय्यर ने कहा,'सभी ने जीत में योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह हमारे लिए बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। उन्होंने टीम के लिए लय बनाई। अर्शदीप ने भी ऐसा ही किया। वरुण चक्रवर्ती ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर उस लय को आगे बढ़ाया।' शिवम दुबे को पारी का अंतिम ओवर देने पर उन्होंने कहा,'आखिरी ओवर के लिए कोई और विकल्प नहीं था। दुबे भी अपना पहला ओवर ही डाल रहे थे इसलिए उनके लिए भी आसान नहीं था। हालांकि इस खेल में यह होता रहता है और मुझे विश्वास है कि इस मुकाबले के बाद काम करेंगे कि वह कहां बेहतर कर सकते थे।'

अभिषेक और ईशान की जमकर की तारीफ

अभिषेक और ईशान के बारे में उन्होंने कहा,'अभिषेक ने जो शॉट खेले, वे शानदार और लगभग त्रुटिहीन थे। यह एक बेहतरीन उदाहरण था। किशन भी शानदार फॉर्म में हैं। वह काफी सहज और शांत हैं और उन्हें अपने खेल की अच्छी समझ है।''प्लेयर ऑफ द मैच' रहे अभिषेक ने कहा,'पहले ओवर में वो भी स्लिप में कैच लेने से आत्मविश्वास मिलता है। हम नेट्स में भी बुमराह का सामना करते हैं। बतौर सलामी बल्लेबाज आप हमेशा ही टीम को ऐसी शुरुआत दिलाना चाहते हैं।'

लगातार विकेटों से बना हमारे ऊपर दबाव: जदरान

अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जदरान ने कहा,'हमने उन्हें लगातार विकेट दिए और उन्होंने हमारे ऊपर दबाव बना दिया। हमने मध्य के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन उनके गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मेरे रन आउट होने से लय टूट गई। किशन बहुत अच्छे क्षेत्ररक्षक हैं और उन्होंने बहुत अच्छा थ्रो किया। आज का दिन गुरबाज का नहीं था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article