Ishan Kishan Shreyas Iyer central contract: इशान किशन और श्रेयस अय्यर के लिए मुसीबतों का दौर समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला से बाहर होने के बाद किशन ने भारत के लिए नहीं खेला है। दूसरी ओर, अय्यर को इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम तीन टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया।
खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से घरेलू रेड-बॉल टूर्नामेंट खेलने के बीसीसीआई के आदेश के बावजूद, दोनों बल्लेबाज रणजी ट्रॉफी के लिए भी उपस्थित नहीं हुए हैं। अब ऐसा लग रहा है कि भारत के इन दो सितारों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
किशन और अय्यर को गंवाना पड़ सकता है सेंट्रल कांट्रेक्ट
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई कुछ ही दिनों में 2023-24 सीज़न के लिए बीसीसीआई केंद्रीय अनुबंध से जुड़े खिलाड़ियों की सूची की घोषणा कर सकता है। हालांकि, बार-बार चेतावनी के बावजूद रणजी ट्रॉफी नहीं खेलने की सजा के तौर पर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को इस सूची से बाहर किया जाना तय है।
रणजी नहीं खेलन पड़ेगा भारी
बीसीसीआई के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया है कि "अजीत अगरकर के नेतृत्व में चयनकर्ताओं ने 2023-24 सीज़न के लिए भी केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है, जिसकी घोषणा बीसीसीआई जल्द ही करेगा। किशन और अय्यर को उस सूची से बाहर किए जाने की संभावना है, क्योंकि दोनों ने ' बीसीसीआई के आदेश के बावजूद वह घरेलू क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं।''
रणजी से किशन-अय्यर ने फेरा मुंह
ईशान किशन ने इस सीजन रणजी ट्रॉफी में झारखंड के लिए एक भी मैच नहीं खेला. श्रेयस अय्यर को आंध्र प्रदेश के खिलाफ एकमात्र रणजी ट्रॉफी मैच के लिए मुंबई टीम में शामिल किया गया। हालाँकि, उन्होंने बैक स्पैम की शिकायत के बाद बड़ौदा के खिलाफ क्वार्टर फाइनल के लिए खुद को अनुपलब्ध कर लिया। दूसरी ओर, एनसीए में खेल विज्ञान और चिकित्सा के प्रमुख नितिन पटेल ने कहा कि अय्यर खेलने के लिए फिट हैं।
