क्रिकेट

टी20 वर्ल्‍ड कप में नहीं चुने जाने पर आखिरकार शोएब मलिक ने तोड़ी चुप्‍पी, दिया बड़ा बयान

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 06:14 PM IST

Shoaib Malik on T20 World Cup snub: पाकिस्‍तान के अनुभवी ऑलराउंडर शोएब मलिक ने आखिरकार टी20 वर्ल्‍ड कप में नहीं चुने जाने पर अपनी चुप्‍पी तोड़ी है। मलिक ने कहा कि वह फिट हैं और जब भी टीम चयन होगा तो खेलने के लिए तैयार हैं। मलिक ने कहा कि उन्‍होंने बाबर आजम पर कोई दबाव नहीं बनाया।

Image

टी20 वर्ल्‍ड कप में नहीं चुने जाने पर आखिरकार शोएब मलिक ने तोड़ी चुप्‍पी, दिया बड़ा बयान

KEY HIGHLIGHTS
  • शोएब मलिक ने टी20 वर्ल्‍ड कप में नहीं चुने जाने पर तोड़ी चुप्‍पी
  • मलिक ने खुलासा किया कि वो लगातार बाबर आजम के संपर्क में थे
  • मलिक ने कहा कि उन्‍होंने बाबर आजम पर अपने चयन का दबाव नहीं बनाया

नई दिल्‍ली: पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान शोएब मलिक ने आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप में नहीं चुने जाने पर आखिकार अपनी चुप्‍पी तोड़ दी है। मलिक ने कहा कि उनका काम जब भी मौका मिले तो प्रदर्शन करने का है और उनके चयन का फैसला टीम प्रबंधन या पीसीबी का है। मलिक ने एशिया कप में नहीं चुने के बाद नेशनल टी20 कप में हिस्‍सा लिया और 9 पारियों में 140.68 के स्‍ट्राइक रेट से 204 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल है।

अनुभवी बल्‍लेबाज ने इससे पहले पाकिस्‍तान सुपर लीग में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। तब मल‍िक ने 11 पारियों में 137.32 के स्‍ट्राइक रेट से 401 रन बनाए थे, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। पिछले साल नवंबर में बांग्‍लादेश के खिलाफ टी20 वर्ल्‍ड कप मैच के बाद से मलिक को राष्‍ट्रीय टी20 टीम में मौका नहीं मिला है। मलिका का आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप में चयन नहीं हुआ और 40 साल के खिलाड़ी को इसका कोई पछतावा नहीं है।

मलिक के हवाले से समा टीवी ने कहा, 'मुझे जब भी मौका मिले तो मेरी जिम्‍मेदारी क्रिकेट खेलना है। यह टीम प्रबंधन पर निर्भर करता है कि वो मेरा चयन करते हैं कि नहीं। जब भी मुझे मौका मिलेगा तो मैं अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मुझे किसी से कोई दिक्‍कत नहीं है। मैं किसी के खिलाफ नहीं हूं क्‍योंकि सकारात्‍मक रहना मेरे करियर में सफल होने का बड़ा कारण है।'

मलिक ने साथ ही खुलासा किया कि वो लगातार बाबर आजम के संपर्क में थे। मलिक ने कहा कि कप्‍तानी की जिम्‍मेदारी को देखते हुए उन्‍होंने बाबर को व्‍यस्‍त रहने दिया और अपने चयन के लिए कभी उन पर दबाव नहीं डाला। मलिक ने कहा, 'मैं और बाबर लगातार संपर्क में थे। हां, पहले हम ज्‍यादा बातें करते थे, लेकिन अब वो कप्‍तान हैं तो उन्‍हें ज्‍यादा स्‍पेस देने की जरूरत है। मैं खुद इस चीज से गुजरा हूं इसलिए मैंने आजतक कोई दबाव नहीं डाला और न कभी डालूंगा। मैं कभी राजी करने की कोशिश नहीं करूंगा।'

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article