नई दिल्ली: भारतीय टीम (India Cricket team) के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) और पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) मैदान पर एक-दूसरे के कड़े प्रतिद्वंद्वी थे, जबकि मैदान के बाहर दोनों के बीच रिश्ता काफी याराना वाला है। इतने सालों में दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कई रोमांचक टक्कर देखने को मिली, लेकिन दोनों का एक-दूसरे के लिए परिचय बाएं हाथ के बल्लेबाज के करियर के लिए सबसे घातक पलों में से एक साबित हो सकता था।
ध्यान हो कि 1999 में मोहाली में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला था। तब शोएब अख्तर की गेंद पर गांगली की पसली में चोट लगी और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने अब खुलासा किया है कि इस मुकाबले से पहले उनकी टीम ने बैठक की थी, जहां अख्तर को स्पष्ट निर्देश मिले थे कि उन्हें भारतीय बल्लेबाजों को शॉर्ट पिच और बॉडी लाइन गेंद से निशाना बनाना है।
वीरेंद्र सहवाग के साथ स्टार स्पोर्ट्स के शो फ्रेनेमीज पर बातचीत करते हुए अख्तर ने कहा, 'मैं हमेशा बल्लेबाज के सिर और पसली पर निशाना साधने की कोशिश करता था। हमने गांगुली की पसली पर निशाना साधने का फैसला किया था। बड़ी बात यह है कि हमारी बैठक में यह फैसला लिया गया था कि कैसे मैं बल्लेबाजों को चोट पहुंचाने की कोशिश करूं। मैंने पूछा क्या मुझेउन्हें आउट नहीं करना है? जवाब मिला- नहीं, आपके पास काफी गति है। आपको बस बल्लेबाजों को चोट पहुंचाना है। हम उन्हें आउट करने का ध्यान दे लेंगे।'
जवाब में सहवाग ने कहा, 'मुझे भरोसा है कि गांगुली इस इंटरव्यू को सुनेंगे।' अख्तर ने फिर सहवाग से कहा कि वो पहले ही गांगुली को इस बारे में बता चुके हैं। रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर अख्तर ने कहा, 'मैंने बाद में गांगुली को बताया था कि हमारी योजना आपको पसली पर निशाना साधने की थी न कि आपको आउट करने की।' बहरहाल, अख्तर और गांगुली मैदान पर कड़े प्रतद्वंद्वी होने के बावजूद बाहर गहरे दोस्त हैं। अख्तर ने गांगुली की कप्तानी में आईपीएल में केकेआर का प्रतिनिधित्व किया था।
