भारत-न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट के ड्रॉ ने भारतीय कप्तान और कोच गौतम गंभीर को आलोचकों के निशाने पर ला दिया है। दरअसल दोनों कप्तानों ने आपसी सहमति से जब यह निर्णय लिया कि अब इस मुकाबले का रिजल्ट नहीं आ सकता है तब भी एक घंटे और 15 ओवर का खेल शेष था। खेल रोके जाने तक न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे। ग्लेन फिलिप्स और 126 गेंद में 26 और डेरिल मिचेल 186 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों छठे विकेट के लिए 63(258) रन जोड़ चुके थे, लेकिन बाकी बचे 90 गेंदों में कोई एक गेंद यह साझेदारी तोड़ सकती थी। गिल और गंभीर ने क्यों इतनी जल्दी हथियार डाल दिए, वो भी ऐसे वक्त पर जब मैच में WTC का फाइनल दांव पर हो।
क्या 15 ओवर पर्याप्त नहीं थे?
जब गिल ने ड्रॉ की सहमति पर हामी भरी तो 15 ओवर का विकल्प था और ऐसा कहा जाता है कि एक अच्छी गेंद किसी बल्लेबाज को आउट करने के लिए काफी होता है। अगर उस वक्त या आने वाले कुछ ओवरों में फिलिप्स और मिचेल के बीच की साझेदारी टूट जाती तो क्या जीत का विकल्प खुला नहीं था। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या गेंदबाज इतने थक गए थे कि उन्होंने गेंदबाजी करने से हाथ खड़े कर दिए, क्योंकि गिल का यह फैसला विवादों के घेरे में आ गया है।
18 साल पहले पोंटिंग का वो फैसला
गिल के इस फैसले की आलोचना इसलिए भी हो रही है क्योंकि 18 साल पहले इसी तरह का चमत्कार रिकी पोंटिंग ने करके दिखाया था। पोंटिंग के एक फैसले ने आखिरी कुछ ओवर में टेस्ट क्रिकेट का रिजल्ट बदल दिया था। साल 2008 का सिडनी टेस्ट जब भारतीय टीम ने मैच लगभग ड्रॉ कर लिया था, लेकिन पोंटिंग हार मानने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने बाकी बचे कुछ मिनटों में अपने फैसले से भारतीय टीम से जीत छीन ली थी। सिडनी टेस्ट में भारतीय टीम 7 विकेट गंवाकर लगभग उसे ड्रॉ कर चुकी थी, लेकिन आखिरी कुछ ओवरों में पोंटिंग ने माइकल क्लार्क को गेंद सौंपी और फिर चमत्कार हुआ। क्लार्क ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच भारत के जबड़े से छीन लिया। क्लार्क ने पहले हरभजन फिर आरपी सिंह और आखिर में ईशांत शर्मा को आउट कर मैच ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया। दो मैच की इस टेस्ट सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से अपने नाम कर लिया।
क्या स्पिन का नहीं था विकल्प?
मैच जब रोका गया तो जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप 20-20 ओवर और अंशुल कंबोज 22 ओवर कर चुके थे। अगर मान लिया जाए कि वह थक भी गए थे तो क्या उनके पास पार्ट टाईम गेंदबाजों का विकल्प मौजूद नहीं था।
