क्रिकेट

'मुझे हर जगह से किया गया ब्लॉक' अपने बेटे के जन्मदिन पर भावुक हुए गब्बर ने लिखा पोस्ट

भारत के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने बेटे जोरावर के जन्मदिन पर एक भावुक संदेश लिखा है जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने खुलासा किया है कि कैसे वह अपने बेटे ने बात नहीं कर पा रहे हैं।

Image

शिखर धवन

भारत के अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने मंगलवार को अपने बेटे जोरावर के जन्मदिन के मौके पर एक भावुकपूर्ण पोस्ट किया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें ब्लॉक कर दिया गया है और वह अपने बच्चे से नहीं जुड़ सकते हैं। धवन, जिनका अक्टूबर में आयशा मुखर्जी से तलाक हो चुका है। दिल्ली की एक अदालत ने बेटे की जिम्मदारी आयशा को सौंप दी थी। हालांकि, उन्हें एक निर्धारित समय के लिए अपने बेटे ज़ोरावर से मिलने की अनुमति दी गई थी। लेकिन धवन के मुताबिक वो ऐसा करने में असमर्थ हैं।

धवन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "एक साल हो गया है जब से मैंने तुम्हें व्यक्तिगत रूप से देखा था, और अब, लगभग तीन महीने से, मुझे हर जगह से ब्लॉक कर दिया गया है, इसलिए तुम्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए वही तस्वीर पोस्ट कर रहा हूं।"

“भले ही मैं आपसे सीधे तौर पर नहीं जुड़ पाता, फिर भी मैं टेलीपैथी के माध्यम से आपसे जुड़ता हूं। मुझे तुम पर बहुत गर्व है, और मैं जानता हूं कि तुम बहुत अच्छा कर रहे हो और अच्छे से बढ़ रहे हो। उन्होंने इस पोस्ट में आगे लिखा “पापा हमेशा तुम्हें याद करते हैं और तुमसे प्यार करते हैं। वह हमेशा उस समय का इंतजार करते हैं जब भगवान की कृपा से हम दोबारा मिलेंगे। आपको न देखने के बावजूद, मैं लगभग हर दिन आपको संदेश लिखता हूं, आपके बारे में पूछता हूं, साझा करता हूं कि मैं क्या कर रहा हूं और मेरे जीवन में क्या नया है।"

धवन का क्रिकेट करियर

शिखर धवन की बात करें तो पिछले कुछ समय से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उनका वर्ल्ड कप खेलने का सपना भी टूट चुका है। धवन ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। धवन के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच में क्रमश: 2,315, 6,793 और 1,759 रन बनाए हैं।
End of Article