Sanju Samson: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को वनडे टीम में शामिल करने की मांग भी तेज हो गई है। लगातार 3 मैच में अर्धशतकीय पारी खेल भारत को टी20 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने वाले संजू ने केवल 5 पारी में 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। इस दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
शशि थरूर ने उठाई मांग
अब कांग्रेस एमपी शशि थरूर ने संजू सैमसन को वनडे में खिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने एएनआई से बातचीत करते हुए कहा 'यहां से मैं उन्हें वनडे स्क्वॉड में देखना चाहता हूं। हमें भूलना नहीं चाहिए कि वनडे क्रिकेट में आखिरी पारी में शतक आया था। उसके बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था। उसे फिर से एक चांस दीजिए हो सकता है तो टेस्ट क्रिकेट में भी उन्हें मौका दीजिए।
संजू सैमसन ने अपने आखिरी वनडे मैच में शतकीय पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में उन्होंने 114 गेंद में 108 रन की पारी खेली थी। इस पारी के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 296 रन बनाए थे और बाद में साउथ अफ्रीका को 218 रन पर रोक लिया था। भारत ने यह मुकाबला 78 रन से अपने नाम कर लिया था। इस जीत के साथ भारत ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली थी। संजू प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
मैंने कहा था कि वह अगले धोनी
शशि थरूर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि संजू को मैंने 14 साल की उम्र से देखा है, तब मैंने कहा था कि वह अगले एमएस धोनी बन सकते हैं। मैं उनके लिए अंकल जैसा हूं। हालांकि, बाद में कोच गंभीर ने इस पर प्रतिक्रिया दी कि संजू को कुछ भी बनने की जरुरत नहीं।
