IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के मैच को हां कहने के बाद 5 सबसे अहम बयान
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Feb 10, 2026, 11:10 AM IST
पाकिस्तान ने अपनी फितरत के अनुसार एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। पड़ोसी देश की इस पलटने वाली हरकत ने एक फिर बता दिया है कि वह गिरगिट की तरह रंग बदलता है। और जब-जब उसने ऐसा किया है मुंह की खाई है। भारी फजीहत होने के बाद आखिरकार पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी टीम को भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की मंजूरी दे दी है। इसके बाद बयानबाजी का फिर से दौर शुरू हो गया है।
पाकिस्तान की गीदड़भभकी।
India vs Pakistan Match: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है। इस फैसले का ऐलान करते हुए पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि यह फैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है। वहीं, PCB चीफ मोहसिन नकवी ने कहा कि यह फैसला किसी दबाव में नहीं लिया गया है।
एक फरवरी को पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि उसकी क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी। हालांकि, 10 दिनों बाद ही पाकिस्तान ने अपने फैसले से यू-टर्न ले लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शहबाज शरीफ को पीसीबी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के प्रतिनिधियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक के फैसले के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी।
इसके बाद टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान के बीच खेल जाने वाले मुकाबले पर छाए बादल सोमवार (9 फरवरी, 2026) की रात छंट गए। अब 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महामुकाबले को लेकर चल रही सभी तरह की अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी, 2026 के अपने फैसले को पटलकर भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।
मोहसिन नकवी की गीदड़भभकी
फैसला जारी होने के कुछ ही देर पहले ही पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने जहर उगला। भारत बनाम पाकिस्तान मैच के ऐलान से पहले मोहसिन नकवी से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ICC को लेकर सवाल किया गया। जवाब में नकवी ने फील्ड मार्शल का जिक्र करते हुए कहा, मैं इन धमकियों से नहीं डरता और सरकार को भी इससे कोई डर नहीं है। फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर को तो आप जानते ही हैं। इसी वजह से कोई दिक्कत नहीं है।'
नकवी ने ICC से मीटिंग पर कहा, समस्या बांग्लादेश की थी। हम बांग्लादेश की बात सामने रखना चाहते थे। आप सभी लोगों के सामने पूरी स्थिति थी। अगर कोई (ICC) घर आए तो उसका सम्मान करना चाहिए। अगर सामने से कोई चलकर आ जाए, तो फिर हमें पुरानी चीजें भूल जानी चाहिए।'
मदन लाल ने पाकिस्तान की उड़ाई खिल्ली
वहीं, टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के भारत के साथ मैच खेलने के लिए तैयार होने के फैसले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, अच्छा है कि वे खेल रहे हैं, वरना टूर्नामेंट का चार्म कम हो जाता और उन्हें भी बड़ा फाइनेंशियल नुकसान होता। सुनने में आया है कि बांग्लादेश और श्रीलंका ने थोड़ा सा प्रेशर डाला था उनके ऊपर...नुकसान श्रीलंका का भी था क्योंकि उनको भी रेवेन्यू वगैरह जनरेट होना था।'
पाकिस्तान सरकार ने जारी किया बयान
पाकिस्तान सरकार ने बयान जारी करते हुए कहा, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला मित्र देशों के अनुरोध पर किया है। मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के निर्धारित मैच के लिए 15 फरवरी, 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। यह निर्णय क्रिकेट की भावना बनाए रखने और सभी प्रतिभागी देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता को सुनिश्चित करने के मकसद से लिया गया है।'
ऐसे शुरू हुआ विवाद
विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने अपनी टीम की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए उसके मैच भारत से बाहर कराने का अनुरोध किया। हालांकि, आईसीसी ने बीसीबी के अनुरोध को खारिज कर दिया था। तब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल किया गया। इसके बाद पाकिस्तानी सरकार ने घोषणा की कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी।
भारत ने ICC पर छोड़ा था फैसला
भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के आवास पर आयोजित एक डिनर के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत की। राजीव शुक्ला ने कहा, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ICC द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का पूरी तरह पालन करेगा।'
