क्रिकेट

IND vs PAK, T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने पलटा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला, 15 फरवरी को होगा भारत-पाक महामुकाबला

पाकिस्तान सरकार ने सोमवार शाम अपने फैसले को पलटकर भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले में अपनी टीम को मैदान पर उतरने की अनुमति दे दी है।

Image

भारत पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 विवाद (फोटो क्रेडिट ACC)

स्लामाबाद: टी20 विश्व कप 2026 में भारत पाकिस्तान के बीच खेल जाने वाले मुकाबले पर छाए बादल सोमवार (9 फरवरी, 2026) की रात छंट गए और 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महामुकाबले को लेकर चल रही सभी तरह की अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी, 2026 के अपने फैसले को पटलकर भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में खेले जाने वाले मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया है। आईसीसी ने भी भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी, 2026 को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजन की आधिकारित तौर पर पुष्टि कर दी है। आईसीसी ने कहा कि आईसीसी और पीसीबी के बीच 'सफल बातचीत' के बाद पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 के अपने सभी तय मैच खेलेगा।

मोहसिन नक़वी ने दी पीएम शहबाज शरीफ को पूरी जानकारी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यह फैसला पीसीबी चीफ मोहसिन नक़वी द्वारा आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के बीच रविवार को लाहौर में हुई हाई-लेवल बातचीत के नतीजों की जानकारी देने के बाद किया। पाकिस्तान सरकार ने अपने बयान में कहा, उन्होंने भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला मित्र देशों के अनुरोध पर किया है।

पाकिस्तान सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान

पाकिस्तान सरकार ने एक्स जारी किए गए बयान में कहा, प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रतिनिधियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा PCB को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों से मिले समर्थन संदेशों की भी समीक्षा की है। इन संदेशों में हाल की चुनौतियों का एक सही समाधान खोजने में पाकिस्तान के नेतृत्व की मांग की गई थी। बहुपक्षीय चर्चाओं में हासिल नतीजों के साथ-साथ मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी, 2026 को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप में अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरे।

बांग्लादेश ने भी किया था भारत के साथ मैच खेलने का अनुरोध

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी सोमवार को जारी किए अपने आधिकारिक बयान में पाकिस्तान से क्रिकेट के इकोसिस्टम के हित में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैच खेलने का अनुरोध किया था।

रविवार को लाहौर में हुई थी मैराथन बैठक

रविवार को लौहार के गद्दाफी स्टेडियम में आईसीसी के वाइस चेयरमैन, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और पीसीबी चीफ के बीच पांच घंटे की मैराथन बैठक हुई और भारत पाकिस्तान मुकाबले के गतिरोध को खत्म करने के फार्मूले पर सहमति बनी। इसके बाद सोमवार को भारत पाकिस्तान मुकाबले के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजन का आधिकारिक तौर पर ऐलान भी हो गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article