साउथ अफ्रीका की टीम भले ही टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई, लेकिन तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल ने क्रिकेट फैंस के दिलों में अपनी गेंदबाजी से एक खास जगह बना ली। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में वर्ल्ड कप की सबसे तेज गेंद फेंक कर रावलपिंडी एक्सप्रेस शोएब अख्तर की याद दिला दी। उन्होंने उस मैच में 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी, जो महिला वर्ल्ड कप की सबसे तेज गेंद थी।
टी20 वर्ल्ड कप की सबसे सफल गेंदबाज
शबनिम इस्माइल ने टी20 वर्ल्ड कप 2023 के 6 मैच में 16.12 की औसत से 8 विकेट हासिल किए हैं। लेकिन जहां तक टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात है तो शबनिम सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 32 मैच में 43 विकेट लिए हैं। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड की गेंदबाज अन्या श्रबसोल को पीछे छोड़ा। अन्या के नाम 27 मैच में 41 विकेट थे।
शोएब अख्तर और शबनिम में समानता
शबनिम की इस गेंदबाजी से लोगों को शोएब अख्तर की याद इसलिए भी आ रही है क्योंकि दोनों में कुछ समानता भी है। दोनों ने वर्ल्ड कप में ही सबसे तेज गेंद फेंकी है। अख्तर ने 2003 में और शबनिम ने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ तेज गेंद फेंकी। इसके अलावा दोनों ने यह कारनामा केपटाउन में ही किया। अख्तर ने उस मैच में 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी।
