क्रिकेट

IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स को लगा बड़ा झटका, आरसीबी के खिलाफ मैच से बाहर हुए संजू सैमसन

Sanju Samson Injured: राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है दरअसल टीम के कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन चोट के चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में भाग नहीं लेने वाले हैं। ये मैच राजस्थान के लिए जीतना बेहद ही जरूरी होने वाला है।

Image

संजू सैमसन की चोट (फोटो- IPL/BCCI/X)

Sanju Samson Injured: राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार को पुष्टि की कि कप्तान संजू सैमसन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से बाहर रहेंगे क्योंकि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान हुए मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे हैं।सैमसन पहले ही लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रॉयल्स के घरेलू मैच से बाहर हो चुके हैं और बृहस्पतिवार को टीम का आरसीबी के खिलाफ मैच होना है।

रॉयल्स के मेडिकल स्टाफ ने सैमसन की वापसी की तारीख तय नहीं की है।रॉयल्स ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन फिलहाल उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और वह राजस्थान रॉयल्स मेडिकल स्टाफ के साथ टीम के ‘होम बेस’ पर ही रहेंगे। ‘रिहैबिलिटेशन’ प्रक्रिया के अंतर्गत वह आरसीबी के खिलाफ आगामी मैच के लिए बेंगलुरु नहीं जाएंगे। टीम प्रबंधन उनकी प्रगति पर बारीकी से नजर रख रहा है और उनकी वापसी के लिए मैच दर मैच का दृष्टिकोण अपनाएगा।'

रियान पराग करेंगे कप्तानी

सैमसन की अनुपस्थिति में रियान पराग टीम की अगुआई करना जारी रखेंगे।रियान ने सत्र के पहले तीन मैच में भी रॉयल्स की अगुआई की थी क्योंकि सैमसन को केवल बल्लेबाजी करने की अनुमति थी और उन्हें विकेटकीपिंग करने की अनुमति नहीं मिली थी।सैमसन चौथे मैच से टीम की अगुआई करने से पहले उन तीन मैचों में ‘इम्पैक्ट सब’ के तौर पर उतरे थे।सैमसन की अनुपस्थिति में ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग करना जारी रखेंगे। अब तक खेले गए सात मैच में सैमसन ने एक अर्धशतक से 224 रन बनाए हैं।पराग के नेतृत्व में, रॉयल्स ने चार में से तीन मैच गंवाए और केवल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत हासिल की। राजस्थान रॉयल्स फिलहाल आठ मैच में छह हार के साथ अंक तालिका में आठवें नंबर पर है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article