क्रिकेट

संकट मोचक बने सैमसन ने जड़ा शानदार अर्धशतक, टी20 में पूरा किया स्पेशल तिहरा शतक

विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन रविवार को जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के लिए संकटमोचक बनकर उभरे और अपने नाम अर्धशतक कर लिया।

Image

संजू सैमसन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • संजू सैमसन ने खेली 45 गेंद में 58 रन की पारी
  • अपनी पारी में सैमसम ने जड़े एक चौका और 4 छक्के
  • पूरे किए टी20 क्रिकेट में 300 छक्के

जिंबाब्वे दौरे पर टीम इंडिया के उपकप्तान बनाए गए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने पांचवें टी20 मुकाबले में टीम के लिए संकट मोचक की भूमिका अदा की और 39 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। सैमसन हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद अपनी पारी को बड़ा नहीं कर पाए और 45 गेंद में 58 रन की पारी खेलकर मुजबरानी की गेंद पर मरुमानी के हाथों शानदार ढंग से लपके गए।

सैमसन ने पूरे किए टी20 में 300 छक्के

सैमसन ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 1 चौका और 4 छक्के जड़े। इसी दौरान सैमसन ने टी20 क्रिकेट में 300 छक्के भी पूरे कर लिए। सैमसन ने करियर के 276वें मैच की 263वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की। सैमसन ने अपनी अर्धशतकीय पारी का दूसरा छक्का जड़ते ही 300 छक्के पूरे करने वाले सातवें भारतीय बन गए। उनके खाते में अब 302 छक्के हो गए हैं।

40 रन पर टीम इंडिया ने गंवा दिए थे 3 अहम विकेट

रविवार को जब संजू बल्लेबाजी करते उतरे उस वक्त टीम इंडिया का स्कोर 3.5 ओवर में 38 रन पर 2 विकेट था। दो इन फॉर्म बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में संजू कप्तान शुभमन गिल का साथ देने उतरे लेकिन 40 के स्कोर पर वो भी पवेलियन लौट गए। ऐसे में संजू ने मोर्चा संभाला और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन तक ले जाने में अहम भूमिका अदा की। संजू के बाद शिवम दुबे सबसे सफल बल्लेबाज रहे उन्होंने 26(12) गेंद में बनाए।

बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज पहली T20I अर्धशतक

संजू सैमसन के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज यह पहला अर्धशतक है। उन्होंने 10वें मैच में टीम के लिए बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज पचासा जड़ा है। उनसे ज्यादा तेजी से ये उपलब्धि केएल राहुल और ऋषभ पंत हासिल कर चुके हैं। केएस राहुल ने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज अपने पहले T20I मैच में और पंत ने पांचवें मैच में ये कारनामा किया था। हालांकि सैमसन ने 66वें मैच में पहला अर्धशतक जड़ने वाले एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article