क्रिकेट

BAN vs PAK: क्रिकेट के भस्मासुर बने पाकिस्तान के सलमान अली आगा, अपने ही हाथों हुए रन आउट

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज के दूसरे मैच में एक अजीबो-गरीब घटना देखने को मिली। पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा नये ढंग से रन आउट हुए। दूसरे वनडे मैच में पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने 274 रन बनाए। इसी दौरान यह घटना घटी।

Image

सलमान अली आगा हुए रन आउट। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

Salman Ali Agha Run Out: बांग्लादेश दौरे पर गई पाकिस्तान की टीम तीन वनडे मैच की सीरीज के दूसरे मैच में वापसी करने की कोशिश में है। पहले वनडे मैच में मेजबान बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। दूसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर सिमट गई।

टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने के लिए पाकिस्तान टीम ने ठोस शुरुआत की। पहले विकेट के लिए साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने 103 रन की साझेदारी की। फरहान ने 31 रन की पारी खेली। वहीं, माज ने 75 रन बनाए। हुसैन 6 रन का ही योगदान दे सके।

रिजवान और सलमान से संभाली पारी

तीन विकेट गिरने के बाद सलमान अली आगा और मोहम्मद रिजवान ने पारी को संभाला। संभलकर खेलते हुए सलमान आगा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी पूरा करने के बाद उनके साथ एक अजीब घटना घटी, जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा नहीं था।

अपने हाथों गंवाया विकेट

45 ओवर में 62 गेंद पर 64 रन बनाकर आगा नॉन स्ट्राइक पर खड़े थे। तभी रिजवान ने राशिद हुसैन की पांचवीं गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव शॉट खेला। गेंद सलमान से टकराकर रुक गई। इसके बाद उन्होंने गेंद उठाकर हुसैन को देने की कोशिश की। तभी हुसैन ने गेंद उठाई और स्टंप पर मार दी। सलमान को लगा कि वह पॉपिंग क्रीज के अंदर हैं। लेकिन, जब रिप्ले में दिखा तो वह क्रीज से बाहर थे। इसके बाद थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया।

बांग्लादेश को मिला 275 रन का टारगेट

सलमान के आउट होने के बाद भी रिजवान 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पाकिस्तान की पूरी टीम भरभरा कर गिर गई। राशिद हुसैन ने सर्वाधिक तीन और मेहंदी हसन मिराज ने दो विकेट चटकाए। बांग्लादेश को सीरीज जीतने के लिए 275 रन चाहिए। वह सीरीज में 1-0 से आगे है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article