मनोरंजन जगत में आज साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक कई खबरें चर्चा में हैं। रजनीकांत ने निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज की तारीफ की, वहीं विद्या बालन ने ‘जेलर 2’ की शूटिंग के दौरान सिगरेट पीने का अनुभव साझा किया। इमरान खान ने अपनी वापसी वाली फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ को लेकर अपडेट दिया। अनिल शर्मा ने नाना पाटेकर को याद किया। जेनिफर लोपेज और कीथ अर्बन के बीच नजदीकियों की अफवाहें भी चर्चा में हैं। इसके अलावा विजय देवरकोंडा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश, एसएस राजामौली का जन्मदिन, मनीष पॉल, रेखा और करीना कपूर से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में हैं।
सुपरस्टार रजनीकांत ने निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज की फिल्म ‘डोरोथी’ की तारीफ की है। उन्होंने फिल्म में एक्टर सनंत के काम की भी सराहना की और कहा कि उनके लिए अवॉर्ड पक्का है। रजनीकांत की इस तारीफ के बाद फिल्म और सनंत के प्रदर्शन को लेकर चर्चा हो रही है।
विद्या बालन ने रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 की शूटिंग से जुड़ा अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक सीन के लिए सिगरेट पीनी पड़ी थी। इसके बाद उन्हें चक्कर आने लगे और उनकी उंगलियां कांपने लगीं। फिल्म में रजनीकांत के साथ विद्या बालन भी नजर आएंगी।
इमरान खान फिल्म अधूरे हम अधूरे तुम से एक्टिंग की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ भूमि पेडनेकर नजर आएंगी। करीब एक दशक बाद इमरान को लीड रोल में देखने के लिए फैंस एक्साइटेड हैं।
फिल्ममेकर अनिल शर्मा ने अपनी फिल्म अर्जुन नागा की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर को याद किया। उन्हें पुरानी फिल्म ‘वनवास’ की शूटिंग के दिन याद आए। अनिल ने एक पुराना वीडियो भी शेयर किया, जिसमें नाना उनके बाल संवारते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने नाना के प्यार और अपनापन जताने के अंदाज को याद किया।
हॉलीवुड सिंगर जेनिफर लोपेज और कीथ अर्बन के बीच रोमांस की अफवाहें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दोनों अपने-अपने वैवाहिक रिश्तों के टूटने के बाद संपर्क में हैं और उनकी निजी मुलाकातें भी हुई हैं। दोनों पहले ‘अमेरिकन आइडल’ में जज के तौर पर साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टर विजय देवरकोंडा के नाम और पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश दिया है। मामला उनकी एआई से बनाई गई नकली तस्वीरों और डीपफेक कंटेंट से जुड़ा है।
निर्देशक एसएस राजामौली ने 53वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर महेश बाबू और जूनियर एनटीआर सहित कई सितारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। राजामौली ने ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों से दुनिया भर में पहचान बनाई है।
मनीष पॉल ने खुलासा किया कि जब कटरीना कैफ हिंदी सीख रही थीं, तब कुछ टीवी चैनल चाहते थे कि वो उनके हिंदी बोलने के तरीके का मजाक उड़ाएं। मनीष ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कटरीना की भाषा सीखने की कोशिश और मेहनत का सम्मान किया।
हेमा मालिनी ने अपनी दोस्त रेखा को जन्मदिन की बधाई देते हुए पुरानी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने रेखा के लिए अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और समृद्धि की कामना की। दोनों अभिनेत्रियों की दोस्ती लंबे समय से है।
करीना कपूर ने फॉर्मूला वन ड्राइवर लैंडो नॉरिस से बातचीत के दौरान अपने पति सैफ अली खान को लेकर मजेदार बात कही। उन्होंने कहा कि उनके पति ने 19 साल पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती थी। करीना का इशारा सैफ की फिल्म ‘तारा रम पम’ में निभाए रेसिंग ड्राइवर के किरदार की ओर था।
अनिल कपूर ने अपनी फिल्म मिस्टर इंडिया से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में पहनी गई उनकी मशहूर जैकेट मुंबई के चोर बाजार से खरीदी गई थी। हाल ही में उन्होंने अपने शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में 39 साल पुराना वही आउटफिट पहना। अनिल के मुताबिक, उनकी शर्ट, पैंट और जैकेट आज भी उन्हें फिट आती हैं।