क्रिकेट

Under 19 World Champion: वर्ल्ड चैंपियन पर शुभकामनओं की बारिश- सचिन से लेकर विराट, सबने इन शब्दों से बढ़ाया हौसला

Under 19 World Champion: भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में रिकॉर्डतोड़ स्कोर बनाने के बाद आयुष म्हात्रे एंड कंपनी ने इंग्लैंड टीम को 311 रन पर रोक दिया।

Image

अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन (साभार-BCCI)

भारत ने आयुष म्हात्रे के नेतृत्व में इंग्लैंड को हराकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया। आयुष की टीम ने बैटिंग-बॉलिंग और फील्डिंग तीनों में इंग्लैंड टीम को कहीं भी टिकने नहीं दिया। नतीजा पहले बल्लेबाजी करते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर अजेय इंग्लैंड की टीम को 311 रन पर रोक दिया। इस जीत के बाद चैंपियन टीम पर शुभकामनाओं की बारिश सी हो गई। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से लेकर विराट कोहली सबसे खुले दिल से इस टीम की तारीफ की।

2008 में अंडर 19 खिताब जीत चुके कोहली ने एक्स पर लिखा ,’’ भारत की अंडर 19 टीम को फिर विश्व कप जीतने पर बधाई । हर आयुवर्ग में क्रिकेट में हमारा दबदबा कायम है। पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई ।’’ भारत के मुख्य कोच गंभीर ने कहा ,’’ तुम सभी पर गर्व है । भविष्य उज्ज्वल है । इंडिया अंडर 19।’’

वहीं महान बल्लेबाज तेंदुलकर ने लिखा ,’’ चैम्पियंस । इस युवा टीम और इसके बेखौफ खेल पर गर्व है । पूरी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को बधाई ।’’

उन्होंने आगे लिखा ,’’ आपके पास एक सूर्यवंशी है तो इस तरह का ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन लाजमी है । शानदार प्रदर्शन वैभव ।’’ भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने लिखा ,’’ प्रतिभा, निडरता और दृढता के साथ बेदाग प्रदर्शन । अंडर 19 टीम ने बता दिया कि वे क्या कर सकते हैं । जबर्दस्त आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन ।’’

भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सूर्यवंशी की खास तौर पर तारीफ करते हुए लिखा ,’’ वैभव का शानदार प्रदर्शन । क्या खास सोचकर उतरते हो । फाइनल में क्लास पारी ।’’ अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने भी भारत के युवा खिलाड़ियों के अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की।

उन्होंने विज्ञप्ति में कहा, ’’आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में रिकॉर्ड छठी बार जीत हासिल करने पर हमारी भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह वास्तव में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धि है।’’ उन्होंने कहा, ’’आपने अपनी उम्र से कहीं अधिक साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ खेला है। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं है, बल्कि यह युवा भारत की भावना का सशक्त प्रतीक है। यह बेखौफ महत्वाकांक्षा, एकजुट टीम वर्क और उत्कृष्टता की खोज जारी रखने जैसा है।’’ उन्होंने ने कहा, ’’ उम्मीद है कि यह जीत आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत होगी। आपके कारण भारतीय क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल है।"

भारतीय अंडर-19 टीम को साल 2000 में इस विश्व कप चैंपियन बनाने में अहम योगदान देने वाले पूर्व कप्तान मोहम्मद कैफ ने सूर्यवंशी की तारीफ की।

उन्होंने ’एक्स’ पर लिखा, ’’वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के शामिल थे। क्या हम क्रिकेट के भविष्य को देख रहे हैं? अगर वह और कुछ समय और खेलते, तो 300 रन भी बना सकते थे। भारत धन्य है, क्योंकि वह लगातार विश्व स्तरीय बल्लेबाजों को उभरते हुए देख रहा है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article