क्रिकेट

क्रिकेट के भगवान करेंगे अंडर-19 विश्व चैंपियन्स का सम्मान, बीसीसीआई ने किया ऐलान

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 30, 2023, 10:05 PM IST

अंडर-19 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में बुधवार को खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले से पहले नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर के हाथों सम्मानित किया जाएगा।

Image

अंडर-19 टी20 विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम(साभार BCCI)

मुंबई: शेफाली वर्मा की कप्तानी में अंडर-19 टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। टीम इंडिया इंग्लैंड को 7 विकेट से पटखनी देकर पहली अंडर-19 टी20 विश्व कप चैंपियन बनी है। खिताबी जीत के बाद बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने विश्व विजेता टीम के सदस्यों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 5 करोड़ की ईनामी राशि का ऐलान कर दिया था।

भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले से पहले किया जाएगा सम्मानित

बीसीसीआई ने अब विश्व चैंपियन्स को सम्मानिक किए जाने के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। बीसीसीआई भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले विश्व कप जीतने वाली टीम का सम्मान क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर करेंगे।

सचिन तेंदुलकर करेंगे सम्मानित

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर विश्व चैंपियन्स की सम्मान की खबर साझा करते हुए कहा, मुझे इस बात का ऐलान करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि भारत रत्न श्री सचिन तेंदुलकर और बीसीसीआई के पदाधिकारी 1 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 6:30 बजे अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम को सम्मानित करेंगे। युवा क्रिकेटरों ने भारत को गौरवान्वित किया है और हम उनकी उपलब्धियों का सम्मान करेंगे।

टीम इंडिया की है ऐतिहासिक जीत

शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम की जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है। भारतीय महिला टीम द्वारा किसी भी फॉर्मेट और आयु वर्ग में जीता गया यह पहला विश्व कप है। इससे पहले टीम इंडिया तीन बार विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। दो बार वनडे विश्व कप और एक बार टी20 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article