भारत के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट की कम हो रही लोकप्रियता पर अपनी चिंता जाहिर की है। इंडिया टुडे के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वनडे क्रिकेट बोरिंग होता जा रहा है और इसके फॉर्मेट में बदलाव किया जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने एक रोचक सुझाव भी दिया, जो दोबारा क्रिकेट के इस फॉर्मेट को लोकप्रिय बना देगा।
रवि शास्त्री ने भी दी थी सलाह
अभी हाल ही में भारतीय टीम के पूर्व कोच ने भी वनडे क्रिकेट के फॉर्मेट में बदलाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि इसे 40-40 ओवर का कर देना चाहिए। हालांकि, सचिन इस बात से पूरी तरह सहमत नहीं हैं और उन्होंने कहा है कि इसे 50 ओवर में भी रोचक बनाया जा सकता है।
वनडे के मौजूदा फॉर्मेट पर सचिन
सचिन ने मौजूदा फॉर्मेट के बारे में बोलते हुए कहा कि 'हर पारी में अब दो नई गेंद मिलती है, जिससे रिवर्स स्विंग पूरी तरह से खत्म हो जाती है, क्योंकि 30 ओवर के बाद ही गेंद स्विंग होना शुरू करती है। अगर हम 40 ओवर के मैच की बात करें तो इससे भी कुछ नहीं बदलेगा, क्योंकि हमारे पास 20 ओवर बाद एक नई गेंद होगी।
मुझे लगता है कि मौजूद फॉर्मेट गेंदबाजों के लिए थोड़ा मु्श्किल है। फिलहाल यह बहुत अधिक अनुमानित होता जा रहा है। 15-40 ओवर के बीच यह अपनी रफ्तार खोता जा रहा है और बोरिंग हो रहा है'
वनडे को रोचक बनाने के लिए दी सलाह
सचिन ने वनडे को रोचक बनाने के लिए कहा '50 ओवर के फॉर्मेट को बरकरार रखने में कोई नुकसान नहीं है, लेकिन टीमों को प्रत्येक 25 ओवर के बाद अल्टरनेटिव बल्लेबाजी और गेंदबाजी करना चाहिए। इससे दोनों टीमों को एक समान मौका मिलेगा और मैच से ड्यू जैसे कारक बाहर हो जाएंगे। इस तरह दोनों टीम पहले हाफ और दूसरे हाफ में गेंदबाजी करेगी। कॉमर्शियली भी यह प्रभावी होगा क्योंकि दो की जगह तीन इनिंग ब्रेक हुआ करेगा।
