क्रिकेट

टीम इंडिया के सहायक कोच को है विश्वास, गुवाहाटी की पिच टीम इंडिया को आएगी रास

टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोइशे ने गुवाहाटी टेस्ट के पहले दिन के खेले के समाप्त होने के बाद कहा कि बरसापारा स्टेडियम की पिच भारतीय टीम को अधिक रास आयेगी।

Image

रेयान टेन डोइशे (BCCI X)

KEY HIGHLIGHTS
  • गुवाहाटी टेस्ट के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 6 विकेट पर 247 रन
  • कुलदीप यादव ने चटकाए सबसे ज्यादा 3 विकेट
  • भारतीय बल्लेबाजी के मुफीद है पिच

गुवाहाटी: भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोइशे ने शनिवार को कहा कि बरसापारा स्टेडियम की पिच भारतीय टीम को अधिक रास आयेगी लेकिन कहा कि टेस्ट मैच का नतीजा टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है, पिच पर नहीं। दक्षिण अफ्रीका के लिये दूसरे टेस्ट के पहले दिन रन बनाना मुश्किल हो रहा था। उसके शीर्षक्रम के बल्लेबाज अच्छी शुरूआत को भुना नहीं सके। पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के बाद उसने छह विकेट पर 247 रन बनाये।

टेन डोइशे ने पहले दिन के खेल के बाद कहा,'मेरा निजी मानना है कि विकेट यह तय नहीं कर सकता कि कौन जीतेगा। अगर हम कोलकाता में अच्छा खेलते तो उस पिच पर टेस्ट जीत जाते।आपको हालिया नतीजों पर नजर डालनी होगी । इस तरह के विकेट हमे अधिक रास आते हैं।'

भारत दो तेज गेंदबाजों, एक तेज गेंदबाजी हरफनमौला और तीन स्पिनरों को लेकर उतरा है। टेन डोइशे ने कहा,'यह कोलकाता की पिच से बिल्कुल अलग है। हम बेहतर विकेट की कल्पना कर रहे थे । मुझे लगा कि यह मुर्दा पिच है । मैने ट्रिस्टन स्टब्स को कहते सुना कि इस पर रन बनाना काफी मुश्किल हो रहा है । पहली पारी के रन काफी महत्वपूर्ण होंगे।'

पहले दिन कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की। सहायक कोच ने उनके बारे में कहा,'हमे पता है कि कुलदीप का स्ट्राइक रेट बेहतरीन है। लेकिन शायद यह बात कि उसे ओवरस्पिन मिलता है और लाल मिट्टी और विकेट में थोड़ी ज्यादा रफ्तार के साथ गेंदबाजी कर सकता है, इससे उसे फायदा मिला।' उन्होंने उम्मीद जताई कि मैच में आगे रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर भी प्रभावी साबित होंगे। नीदरलैंड के पूर्व कप्तान और केकेआर के हरफनमौला रहे टेन डोइशे ने कहा,'हमने पिच को अभी फिर देखा है । पैरों के कुछ निशान और गेंद के छोटे निशान है लेकिन लगता नहीं है कि यह पिच टूटेगी । उम्मीद है कि अगले कुछ दिन बरकरार रहेगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article