RR vs RCB Flashback: आईपीएल के 60वें मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। यह मुकाबला राजस्थान के होम ग्राउंड सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। राजस्थान ने पिछले मैच में जिस तरह से कोलकाता को 9 विकेट से एकतरफा मात दी थी उसको देखते हुए आरसीबी के सामने उसका पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
दूसरी तरफ आरसीबी की टीम लगातार दो मुकाबले हार चुकी है। पिछले मुकाबले में उसे मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से पटखनी दी थी। प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान 5वें तो आरसीबी छठे स्थान पर है, लेकिन बैंगलोर के लिए अच्छी बात यह है कि उसने राजस्थान से एक मैच कम खेला है। राजस्थान के कप्तान पहले ही कह चुके हैं कि उनके लिए बाकी बचे दोनों मुकाबले क्वार्टर फाइनल की तरह है।
पिछले सीजन की बात करें तो दोनों के बीच का मामला बराबरी पर रहा था। पहले मैच में आरसीबी ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जोस बटलर के 70 और शिमरॉन हेटमायर के 42 रन की पारी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए थे। आरसीबी ने शहबाज अहमद के 45 और दिनेश कार्तिक के 44 रन की तेज-तर्रार पारी के दम पर 5 गेंद शेष रहते 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
राजस्थान का बदला, 115 पर ऑलआउट आरसीबी
दूसरी बार जब दोनों टीम भिड़ी थी तो राजस्थान ने आरसीबी को 29 रन से हराकर बदला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में राजस्थान ने रियान पराग के 56 रन की पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 3 गेंद पहले 115 रन पर ढेर हो गई। राजस्थान की तरफ से कुलदीप सेन ने 4 और रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट चटकाए थे। एक बार फिर दोनों टीम आमने-सामने है और इस बार परिस्थिति और भी जटिल है। ऐसे में जीत दर्ज करने के लिए दोनों ही टीम को बेस्ट देना होगा।
