क्रिकेट

Rohit Sharma 35th ODI Century: हिटमैन ने दिखाया गुवाहाटी में रौद्र रूप, जड़ा ODI करियर का 35वां शतक

रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में सीरीज के दूसरे वनडे में करियर का 35वां शतक जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। गिल के साथ मिलकर उन्होंने भारतीय सरजमीं पर भारत के लिए ओपनिंग विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड भी कायम कर दिया।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

गुवाहाटी: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे मुकाबले में अपना अतिशी रूप दिखाया जिसके मुरीद पूरी दुनिया के क्रिकेट फैन्स हैं। रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत आतिशी अंदाज में करते हुए अपना अर्धशतक 32 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा किया। इस तेजी को उन्होंने आगे भी बरकरार रखा और वनडे करियर का 35वां शतक 72 गेंद में 10 चौके और छह छक्के की मदद से पूरा किया। अर्धशतक से शतक का सफर रोहित ने 40 गेंद में पूरा किया।

सील्स ने किया हिटमैन की सुपरहिट पारी का अंत

रोहित ने पहले विकेट के लिए शुभंमन गिल के साथ 255 रन की साझेदारी की। रोहित 101(75) रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेडन सील्स ने 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्हें एलबीडब्लू कर दिया। रोहित ने फील्ड अंपायर के फैसले को चुनौती दी लेकिन फैसला नहीं बदला। रोहित ने 134.66 के स्ट्राइक रेट वाली अपनी धमाकेदार पारी में 10 चौके और 6 छक्के जड़े।

पहले विकेट के लिए भारत में सबसे बड़ी साझेदारी

रोहित शर्मा और गिल की जोड़ी वनडे में भारत के लिए पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जोड़ी का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई। दोनों ने साल 2001 में कीनिया के खिलाफ पहले विकेट के लिए नाबाद 258 रन की साझेदारी दक्षिण अफ्रीका के पार्ल में की थी। हालांकि दोनों के बीच हुई साझेदारी भारतीय सरजमीं पर वनडे क्रिकेट में पहले विकेट के भारत के लिए हुई सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड है। शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे के बीच साल 2014 में कटक में पहले विकेट के लिए 231 रन जोड़े थे। रोहित और गिल की जोड़ी इस रिकॉर्ड से आगे निकल गई।

वनडे में बने 12 हजारी, भारत में पूरे किए वनडे में 200 छक्के

रोहित ने अपनी इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। वो मैच और गेंद दोनों के हिसाब से इस मुकाम पर पहुंचने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने। रोहित ने 101 रन की पारी के दौरान 6 छक्के भी जड़े और वो वनडे क्रिकेट में भारतीय सरजमीं पर 200 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बने। वो किसी एक देश में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। रोहित अगर दो रन और बना लेते तो वो वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 10 हजार रन पूरे कर लेते। सील्स ने उन्हें ये उपलब्धि हासिल करने से रोक दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article