क्रिकेट

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी चार स्पिनर के साथ उतरेगी टीम इंडिया, हिटमैन ने दिया जवाब

IND vs AUS Semi Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में क्या टीम इंडिया चार स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरेगी। इसको लेकर हिटमैन रोहित शर्मा ने जवाब दिया है। उन्होंने टीम कॉम्बिनेशन पर भी बात की है।

Image

भारत-ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल मैच (साभार-BCCI)

IND vs AUS Semi Final: चैंपियंस ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल मंगलवार यानी 4 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप 2024 की विनर टीम इंडिया और वनडे वर्ल्ड कप की विनर ऑस्ट्रेलिया एक दूसरे से भिड़ेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में टीम इंडिया पहली बार चार स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरी थी। टीम मैनेजमेंट का यह कदम सफल रहा और भारतीय टीम ने 249 रन के टोटल को भी डिफेंड कर जीत हासिल कर ली। अब सवाल यह कि क्या टीम इंडिया इसी कॉम्बिनेशन के साथ सेमीफाइनल में भी उतरेगी। रोहित शर्मा ने इस सवाल का जवाब दिया है।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने यह नहीं बताया कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में वह चार स्पिनरों को लेकर उतरेंगे या नहीं लेकिन कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वरूण चक्रवर्ती के शानदार प्रदर्शन के बाद यह लुभावना विकल्प लग रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को उतारा। चारों ने मिलकर नौ विकेट लिये और भारत ने 44 रन से जीत दर्ज की।

गेंदबाजी क्या होगी इस पर विचार

रोहित ने सेमीफाइनल से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ हमें सोचना होगा । अगर हम चार स्पिनरों को लेकर उतरना भी चाहें तो चार स्पिनरों की जगह कैसे बनेगी । मैं ऐसा इसलिये कह रहा हूं क्योंकि हम यहां के हालात से वाकिफ हैं और हमें पता है कि क्या काम करेगा और क्या नहीं।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इस पर विचार करेंगे कि सही संयोजन क्या होगा लेकिन यह काफी लुभावना विकल्प है।’’ तेज गेंदबाज हर्षित राणा के विकल्प के तौर पर खेलते हुए चक्रवर्ती ने 42 रन देकर पांच विकेट लिये। रोहित ने कहा ,‘‘ उसने बता दिया कि वह क्या कर सकता है। अब हमें सोचना है कि सही संयोजन क्या होगा। उसने एक मैच खेला और वैसा ही प्रदर्शन किया, जैसा हम चाहते थे।’’

वरुण चक्रवर्ती के मुरीद हुए रोहित शर्मा

उन्होंने कहा ,‘‘ वह कुछ अलग है और जब फॉर्म में होता है तो पांच पांच विकेट लेता है । हमारे सामने अब चयन की अच्छी दुविधा है । हम आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी क्रम के अनुरूप ही गेंदबाजी संयोजन चुनेंगे।’’टी20 विश्व कप 2021 में दुबई में ही पाकिस्तान के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए चक्रवर्ती ने शानदार वापसी की जिसकी कप्तान ने तारीफ भी की।

रोहित ने कहा ,‘‘ वह अब पहले की तुलना में अधिक सटीक हो गया है । उस समय उसने इतनी क्रिकेट नहीं खेली थी तो अनुभव कम था । लेकिन पिछले दो तीन साल में काफी क्रिकेट खेली है , चाहे घरेलू क्रिकेट हो या आईपीएल और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट । वह अब अपनी गेंदबाजी को बखूबी समझता है ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘कई बल्लेबाजों को उसके वैरिएशन समझ में नहीं आते जो अच्छी बात है । आपको ऐसे ही गेंदबाज चाहिये जो एक तरह से ही गेंदबाजी नहीं करें । विविधता और सटीकता दोनों जरूरी है।’

भारतीय कप्तान ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट के आखिरी चरण में अब मध्यक्रम के बल्लेबाज रन बना रहे हैं। उन्होंने कहा ,‘‘ मध्यक्रम काफी अनुभवी है और टिककर खेलते हुए कुछ रन बनाना जरूरी था । श्रेयस, केएल, हार्दिक और अक्षर सभी ने रन बनाये हैं जो हमारे लिये अच्छा संकेत है । इंग्लैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला से पहले अक्षर को बता दिया गया था कि वह पांचवें नंबर पर उतरेगा और उसने पिछले साल बल्लेबाजी में गजब का सुधार किया है जिससे हम उसे मध्यक्रम में उतार पा रहे हैं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article