क्रिकेट

Rohit Sharma's Century: खत्म हुई हिटमैन के बल्ले की खामोशी, कटक में इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा ODI करियर का 32वां शतक

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने बल्ले की खामोशी कटक में खत्म करते हुए वनडे करियर का 32वां शतक जड़ दिया। इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप-10 में भी एंट्री कर ली।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

कटक: टीम इंडिया के बल्ले की खामोशी आखिरकार कटक में इंग्लैंड के खिलाफ खत्म हो गई। रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 116 दिन के अंतराल के बाद अर्धशतक जड़ने में सफल हुए। रोहित ने जीत के लिए 305 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से आतिशी अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा किया। 3 महीने 24 दिन के बाद रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। इसके बाद रोहित ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 76 गेंद में छक्के की मदद से वनडे करियर का 32वां शतक पूरा कर लिया। रोहित ने शतक पूरा करने के दौरान 9 चौके और 7 छक्के जड़े। यह रोहित के वनडे करियर का दूसरा सबसे तेज शतक है। रोहित 90 गेंद में 119 रन बनाकर आउट हुए। लिविंगस्टोन की गेंद पर आदिल राशिद ने उनका कैच लपका।

11 महीने बाद जड़ा शतक

रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आखिरी शतक 11 महीने पहले इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में जड़ा था। रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक का सूखा भी इंग्लैंड के खिलाफ खत्म हो गया। रोहित ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की शुरुआत से अंत तक धुनाई लगाई।

रनों की रेस में राहुल द्रविड़ को पछाड़ा

रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट इतिहास में राहुल द्रविड़ को पछाड़कर दसवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। राहुल द्रविड़ ने वनडे क्रिकेट में 344 मैच की 318 पारियों में 10,889 रन बनाए थे। रोहित शर्मा के खाते में खबर लिखे जाने तक 267 मैच की 259 पारियों में 10949 रन बना लिए हैं। रोहित ने वनडे क्रिकेट में 32वें शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में भी राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। द्रविड़ ने करियर में 48 शतक जड़े थे। अब वो 49 शतक के साथ डेविड वॉर्नर की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

118 दिन बाद बल्ले से निकला अर्धशतक

रोहित ने पिछले साल 16 अक्तूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू में खेले गए टेस्ट मैच में 52(63) रन की आतिशी पारी खेली थी। उसके बाद वो लगातार नाकाम होते रहे। वनडे क्रिकेट में रोहित ने आखिरी बार अर्धशतक श्रीलंका दौरे पर 2 अगस्त, 2024 को कोलंबो में जड़ा था। उस मैच में उन्होंने 52(63) रन की पारी खेली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article