Rohit Sharma Test Captaincy: बॉर्डर-गावस्कर सीरीज गंवाने के बाद रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तानी पर तलवार लटकने की चर्चा शुरू हो गई थी। आखिरी टेस्ट में जब उन्होंने खुद को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा तो इस चर्चा को और हवा मिल गई, लेकिन जल्द ही रोहित ने साफ कर दिया कि वह टेस्ट क्रिकेट से कहीं नहीं जा रहे हैं और अब चैंपियंस ट्रॉफी की जीत ने सबकुछ बदल दिया है। इस ऐतिहासिक जीत ने उनकी कप्तानी के भविष्य पर चल रहे चर्चा पर भी विराम लगा दिया है और अब अगर आगामी इंग्लैंड दौरे पर वह टीम के कप्तान के तौर पर जाएं तो यह हैरानी की बात नहीं होगी। हालांकि, चयनकर्ताओं ने 20 जून से शुरू होने वाले इस दौरे के लिए अभी तक कोई फैसला नहीं किया है।
रोहित पर दुबई में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव था और चैंपियंस ट्रॉफी की जीत ने निश्चित रूप से कप्तान को राहत दी है। लेकिन सवाल यह है कि क्या राष्ट्रीय चयन समिति चुनौतीपूर्ण टेस्ट फॉर्मेट पर फैसला लेते समय वनडे फॉर्मेट में सफलता पर विचार करेगी। टीम को पिछले डब्ल्यूटीसी (विश्व टेस्ट चैंपियनशिप) सायकल में छह शिकस्त मिली थी। भारत के लिए नया WTC सायकल इंग्लैंड सीरीज से शुरू होगा। इस दौरे पर टीम इंडिया 5 टेस्ट खेलेगी जिसका पहला टेस्ट लीड्स में खेला जाएगा।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘तकनीकी रूप से रोहित टेस्ट कप्तान हैं। उन्होंने सिडनी में आखिरी टेस्ट से खुद को स्वेच्छा से बाहर रखा, जहां उन्होंने समझाने की कोशिश की कि एक टीम खराब फॉर्म में चल रहे कई बल्लेबाजों के साथ खेलना जारी नहीं रख सकती। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया टेस्ट के बाद भारत ने कोई टेस्ट नहीं खेला है, इसलिए टेस्ट कप्तानी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। साथ ही रोहित ने कभी नहीं कहा कि वह टेस्ट नहीं खेलना चाहते हैं। ’’
हालांकि सूत्र ने कहा कि राष्ट्रीय चयन समिति ने अभी तक इंग्लैंड श्रृंखला पर फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘चयन समिति को आईपीएल के दौरान छुट्टी मिलती है। जाहिर है सभी मैचों का टेलीविजन पर प्रसारण होने के कारण उन्हें हमेशा यात्रा करने की जरूरत नहीं होती है। जब तक कि उनके पास कोई विशिष्ट रणनीति नहीं हो या वे किसी विशेष खिलाड़ी को करीब से देखना नहीं चाहें, वे यात्रा नहीं करते। ’’ सूत्र ने कहा, ‘‘इसलिए एक बार जब आईपीएल शुरू हो जाएगा तो इंग्लैंड श्रृंखला के लिए खाका किसी भी समय तैयार किया जाएगा। लेकिन कोच गौतम गंभीर के दृष्टिकोण का बहुत महत्व होगा। ’’
