क्रिकेट

T20 World Cup, IND vs IRE: धोनी का रिकॉर्ड हुआ धूल, रोहित बने अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे सफल भारतीय कप्तान

टी20 विश्व कप में भारत की आयरलैंड के खिलाफ जीत के बाद रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी20 में भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उन्होंने जीत के मामले में एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया।

Image

रोहित शर्मा(साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
रोहित शर्मा बने T20I में सबसे सफल भारतीय कप्तान
तोड़ा एमएस धोनी का कप्तानी रिकॉर्ड
55वें मैच में हासिल की T20I में 42वीं जीत

न्यूयॉर्क: टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ 8 विकेट अंतर से जीत के साथ टी20 विश्व कप 2024 में अपने अभियान की शुरुआत की है। मैच में टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और आयरिश टीम को 16 ओवर में 96 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 97 रन के लक्ष्य को 12.2 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 37 गेंद में 52 रन की कप्तानी पारी खेली। वहीं ऋषभ पंत ने 26 गेंद में 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

धोनी को पीछे छोड़ा

इस जीत के साथ ही रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी20 में एमएस धोनी को पछाड़कर सबसे सफल कप्तान बन गए। रोहित की कप्तानी में मिली टीम इंडिया की यह 42वीं जीत है। जो उन्होंने 55वें मैच में टीम की कमान संभालते हुए दिलाई है। वहीं धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 77 मैच में 41 मैच में जीत दर्ज की थी। जीत प्रतिशत के मामले में रोहित एमएस धोनी से कहीं आगे हैं। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 56.94 का था वहीं रोहित की कप्तानी में जीत प्रतिशत 76.36 का है।

सात साल में तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड

साल 2017 में रोहित शर्मा ने पहली बार टीम इंडिया की अंतरराष्ट्रीय टी20 में कप्तानी की थी। साल 2021 में टीम इंडिया के पूर्णकालिक कप्तान बने थे। उन्हें एमएस धोनी को पीछे छोड़ने में 7 साल का वक्त लगा। रोहित की कप्तानी में खेले 55 मैच में भारत ने 42 में जीत दर्ज की है जबकि 12 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा जबकि एक मैच टाई रहा। वहीं 2 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।

दुनिया के सफल कप्तानों में पहुंचे तीसरे पायदान पर

विश्व में अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तानों की सूची में रोहित शर्मा तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पहले पायदान पर 46 जीत के साथ बाबर आजम हैं। वहीं दूसरे स्थान पर युगांडा के कप्तान बी मसाबा हैं। रोहित के साथ तीसरे पायदान पर इयोन मोर्गन और असगर अफगान हैं। इन तीनों ने 42-42 मैच में जीत हासिल की है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article