क्रिकेट

जम्मू-कश्मीर को हराकर पंत की कप्तानी में ईरानी कप चैंपियन बनी रेस्ट ऑफ इंडिया

रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप जीत लिया है। गेंदबाजी में मुकेश कुमार और बल्लेबाजी में समर रविचंद्रन हीरो रहे। रविचंद्रन ने पहली पारी में अर्धशतक और दूसरी पारी में शतक जड़ा।

Image

ईरानी कप चैंपियन (साभार-x)

रेस्ट ऑफ इंडिया ने ऋषभ पंत की कप्तानी में जम्मू एंड कश्मीर को 167 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे समर रविचंद्रन जिन्होंने दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी की। जम्मू-कश्मीर के सामने जीत के लिए 279 रन का लक्ष्य था, लेकिन रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों के सामने जम्मू एंड कश्मीर की पूरी टीम 111 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के हीरो रहे मुकेश कुमार जिन्होंने 6 विकेट चटकाए। पहली पारी में भी मुकेश कुमार ने 2 विकेट चटकाए।

पहली पारी में जम्मू एंड कश्मीर की बढ़त

जम्मू एंड कश्मीर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रन बनाए। शिखर मोहन ने 60 जबकि समर रविचंद्रन ने सर्वाधिक 68 रन की पारी खेली। जम्मू एंड कश्मीर की ओर से सुनील कुमार और लोन नासिर मुजफ्फर ने 3-3 विकेट चटकाए।

237 रन के जवाब में जम्मू एंड कश्मीर ने कप्तान पारस डोगरा के 75 और अब्दुल समद की 57 रन की पारी के दम पर 278 रन बनाए। जम्मू एंड कश्मीर ने पहली पारी में 41 रन की बढ़त हासिल की।

समर रविचंद्रन का शतक

रेस्ट ऑफ इंडिया ने दूसरी पारी में समर रविचंद्रन के शतकीय पारी के दम पर 319 रन बनाए। समर रविचंद्रन ने 135 रन की पारी खेली। रविचंद्रन के अलावा समर सांगवान ने 55 रन की पारी खेली और जम्मू एंड कश्मीर के सामने 279 रन का लक्ष्य रखा।

मुकेश के सामने जम्मू एंड कश्मीर का सरेंडर

279 रन का पीछा करने उतरी जम्मू एंड कश्मीर की टीम दूसरी पारी में केवल 111 रन बनाकर ढेर हो गई। जम्मू एंड कश्मीर की ओर से शुभम खजुरिया ने 36 और कामरान इकबाल ने 32 रन की पारी खेली। मुकेश कुमार ने दूसरी पारी मे 6 जबकि आकाशदीप ने 3 विकेट चटकाए। आकाश ने पहली पारी में भी 3 विकेट चटकाए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article