गुवाहाटी: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम का घरेलू सरजमीं पर विजय अभियान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी बरकरार है। रविवार को गुवाहाटी में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने 16 रन के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली। ये रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की लगातार 10वीं द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीत है।
पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीती सीरीज
रोहित शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टी20 सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। रोहित से पहले एमएस धोनी, विराट कोहली और ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घर पर टी20 सीरीज में कप्तानी की थी। कोई भी सीरीज जीतने में कामयाब नहीं हुआ। या तो सीरीज बराबरी पर समाप्त हई या दक्षिण अफ्रीका के पाले में गई।धोनी की कप्तानी में मिली थी हार साल 2015 में एमएस धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 2-0 के अंतर से हार मिली थी। वहीं विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम साल 2019 में 1-1 के अंतर से सीरीज बराबर करने में सफल रही थी। साल 2022 में रोहित शर्मा और केएल राहुल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-2 की बराबरी करने में सफल रहे थे। लेकिन रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया जीत का परचम लहराने में सफल हुई।
