Rohit Sharma in ICC T20 World Cup 2026: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होने वाले पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह घोषणा आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने मंगलवार (25 नवंबर) को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान की, जहां टूर्नामेंट के कार्यक्रम का भी अनावरण किया गया।
रोहित ने बताया 'बड़ा सौभाग्य'
आईसीसी ब्रांड एंबेसडर नामित किए जाने के बाद रोहित शर्मा ने इसे अपने लिए 'बड़ा सौभाग्य' बताया। उन्होंने कहा, मैं आईसीसी और जय शाह को तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। आईसीसी इवेंट का एंबेसडर होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे अभी बताया गया कि किसी भी सक्रिय खिलाड़ी को कभी आईसीसी एंबेसडर घोषित नहीं किया गया है, इसलिए यह मेरे लिए एक बड़ा सौभाग्य और एक महान सम्मान भी है। मैं बहुत आभारी हूं।"
टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा ने उम्मीद जताई कि टीम इंडिया इस बार भी जादू दोहराएगी, भले ही खिलाड़ियों का समूह अलग होगा। उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि हम वैसा ही जादू रचेंगे जैसा हमने पिछले साल रचा था, भले ही इस बार लड़कों का एक अलग समूह होगा।"
आईसीसी ट्रॉफी जीतना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा
रोहित शर्मा, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18 साल पूरे कर लिए हैं, ने आईसीसी ट्रॉफी जीतने के अपने अनुभव को याद किया और कहा कि यह हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है। उन्होंने कहा कि 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भारत को एक और आईसीसी ट्रॉफी के लिए 11 साल इंतजार करना पड़ा, जब उन्होंने 2024 में टी20 विश्व कप जीतकर सूखा समाप्त किया।
रोहित ने कहा, "आईसीसी ट्रॉफी जीतना एक बहुत बड़ी चुनौती है। मैंने इसे व्यक्तिगत रूप से इतने सालों में देखा है,मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18 साल पूरे कर लिए हैं। मैं भाग्यशाली रहा हूं कि मैंने हाल ही में दो और करियर की शुरुआत में दो खिताब जीते।" उन्होंने आगे कहा, "लेकिन बीच में, एक लंबा सूखा था, जहां हम आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाए थे, और मैं जानता हूं कि हम खिलाड़ी, टीम और प्रबंधन के रूप में ट्रॉफी जीतने के लिए कितने बेताब थे। उन ट्रॉफियों को जीतना वास्तव में अच्छा लगा। आप देख सकते हैं कि हम जो खेल खेलते हैं, उससे देश को कितनी खुशी मिलती है।"
दो टी20 विश्व कप जीतने वाले इकलौते भारतीय
रोहित शर्मा ने 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब जीता था, और उसके बाद वह टूर्नामेंट के हर संस्करण में खेले। 2024 में, उन्होंने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका पर रोमांचक जीत के साथ भारत को टी20 विश्व कप खिताब दिलाया और कप्तान के रूप में अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती। रोहित दो टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं और धोनी के बाद ट्रॉफी उठाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान हैं।
टेस्ट से संन्यास लेने के बाद अब केवल वनडे क्रिकेट में सक्रिय रोहित ने कहा कि इतने सारे टी20 विश्व कप खेलने के बाद, वह अब घर से टूर्नामेंट का आनंद लेने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, "अब, दूसरी तरफ बैठकर टी20 विश्व कप देखना,सभी विश्व कप खेलने के बाद अब वहां न होना निश्चित रूप से अलग महसूस होगा। लेकिन मैं घर पर बैठकर कुछ खेल देखने का आदी हो रहा हूं।"
भारत 7 फरवरी को मुंबई में यूएसए के खिलाफ अपने 2026 टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा, इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से भिड़ेगा। 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के साथ हाई-वोल्टेज मुकाबला होगा, जिसके बाद भारत 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने ग्रुप चरण के मैचों का समापन करेगा।
