क्रिकेट

Mumbai Indians: हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा का वीडियो वायरल, लोग बोले 'ऑल इज वेल'

Rohit Sharma On Hardik Pandya: आईपीएल 2024 में सोमवार रात मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने जीत दर्ज की। इस मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और इसी दौरान रोहित शर्मा जब उनको बधाई देने पहुंचे तो उसका वीडियो और तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं। इसके जरिए टी20 विश्व कप 2024 से पहले दोनों के बीच कथित मतभेद का अंत बताया जा रहा है।

Image

हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा (IPLT20/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 मैच में हैदराबाद को हराया
  • हार्दिक पांड्या को बधाई देते दिखे रोहित शर्मा
  • दोनों की साथ में तस्वीर हो रही है वायरल

Rohit Sharma Applauds Hardik Pandya: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच मुकाबले में मेजबान मुंबई की टीम ने 16 गेंदें बाकी रहते 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मुंबई की तरफ से गेंदबाजों में उनके कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) भी काफी समय बाद लय में नजर आए और उन्होंने 3 विकेट झटके। मैच के दौरान जब पांड्या विकेट ले रहे थे, उस समय का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पांड्या को बधाई देते दिखे और सोशल मीडिया यूजर्स इसे टी20 विश्व कप से पहले दोनों के बीच मतभेद के अंत के रूप में देख रहे हैं।

आईपीएल 2024 की शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस टीम को लेकर काफी तरह की बातें चल रही हैं। टीम दो हिस्सों में बंट गई है, हार्दिक को कप्तान बनाए जाने के बाद उनके रोहित शर्मा से मतभेद हैं, टीम में कुछ ठीक नहीं चल रहा है, ऐसी तमाम बातें होने लगी थीं। ऊपर से टीम ने अब तक खेले 12 मैचों में 8 मुकाबले गंवा दिए तो उससे फैंस में गुस्सा बढ़ता चला गया था। बेशक सोमवार रात मुंबई की टीम को जीत मिल गई लेकिन अब टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की राह उनके लिए तकरीबन समाप्त हो चुकी है। वहीं अब जब टी20 विश्व कप 2024 करीब आ रहा है और टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा हैं, वहीं उपकप्तान हार्दिक पांड्या हैं, तो ऐसे में रोहित और पांड्या का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे अच्छा संकेत माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो उस समय का है जब सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के 16वें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या ने सूर्यकुमार यादव के कैच के दम पर शाहबाज अहमद को पवेलियन का रास्ता दिखाया और फिर रोहित दौड़कर पांड्या तक पहुंचे और उन्हें बधाई दी।

मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को 174 रनों का लक्ष्य दिया था। इस दौरान मुंबई की तरफ से हार्दिक पांड्या और स्पिनर पीयूष चावला ने 3-3 विकेट झटके। जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस की टीम शुरुआत में तो लड़खड़ाई लेकिन उसके बाद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने अपनी शतकीय पारी से अकेले दम पर टीम को 17.2 ओवर में 7 विकेट से जीत दिला दी। सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों में नाबाद 102 रनों की पारी खेली।

TNN Sports Desk
TNN स्पोर्ट्स डेस्क author

खेलों की रोचक दुनिया में हर दिन, हर पल नए कारनामे और हलचल होती हैं। अगर आपकी खेलों में रुचि है और आप दुनियाभर की खेल गतिविधियों के पल-पल के अपडेट्स, घटनाओं और रिकॉर्ड्स से अपडेट रहना चाहते हैं, तो आपको इस प्लेटफॉर्म पर ये सबकुछ एक साथ मिल जाएगा। यहां न केवल आपको नई और रोचक जानकारियां मिलेंगी बल्कि खेल की दुनिया को देखने और समझने का एक नया नजरिया भी मिलेगा। तो आप भी टाइम्स नाउ नवभारत के स्पोर्ट्स सेक्शन से जुड़ें और रोजाना खेल की जोश, रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया के रोचक अपडेट्स के साथ अपने दिन को शानदार बनाएं।

और पढ़ें
End of Article