क्रिकेट

Riyan Parag T20I Debut: रियान पराग ने किया भारत के लिए टी20 डेब्यू, पिता ने दी डेब्यू कैप

आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए बल्ले से धमाल मचाने वाले युवा ऑलराउंडर रियान पराग ने शनिवार को जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 डेब्यू किया।

Image

रियान पराग डेब्यू कैप हासिल करने के बाद (साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • रियान पराग ने किया भारत के लिए टी20आई डेब्यू
  • पिता पराग दास ने दी रियान को डेब्यू कैप
  • मिली कैप नंबर 112, बने पूर्वोत्तर भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर

आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए बल्ले से धमाल मचाने वाले असम के युवा बल्लेबाज रियान पराग को जिंबाब्वे के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में डेब्यू का मौका मिल गया। इस मुकाबले में भारत के लिए तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया। रियान पराग को उनके पिता पराग दास ने डेब्यू कैप दी। पराग दास असम के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं। वो खुद भारत के लिए नहीं खेल सके लेकिन बेटे को टीम इंडिया की जर्सी पहनकर खेलता देखने का उनका सपना जरूर पूरा हो गया। पराग भारत के लिए टी20आई मैच खेलने वाले 112वें खिलाड़ी बने।

आईपीएल 2024 में मचाया धमाल

आईपीएल 2024 में रियान पराग ने आतिशी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया था। पराग ने 16 मैच की 14 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 52.09 के औसत और 149.21 के स्ट्राइक रेट से 573 रन बना लिए हैं। जिसमें 4 अर्धशतक शामिल थे। नाबाद 84 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में पराग तीसरे पायदान पर विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ के बाद रहे थे। उन्होंने सीजन में 40 चौके और 33 छक्के जड़े थे।

भारत के लिए खेलने वाले पूर्वोत्तर भारत के पहले खिलाड़ी

पिछले सीजन घरेलू क्रिकेट में रियान पराग ने सभी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और उस फॉर्म को उन्होंने आईपीएल में भी जारी रखा। अपनी टीम को कप्तानी करते हुए पराग सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल तक ले गए लेकिन खिताबी जीत से चूक गए। वहीं रणजी ट्रॉफी में भी उन्होंने अपने बल्ले का जौहर दिखाया। लगातार शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और अब वो भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पूर्वोत्तर भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article