क्रिकेट

आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी, कहा-धोनी का ये रिकॉर्ड आसानी से तोड़ देंगे ऋषभ पंत

टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि वो टेस्ट क्रिकेट में रनों के मामले में एमएस धोनी और एडम गिलक्रिस्ट जैसे दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाजों के रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

Image

ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा है कि ऋषभ पंत अगर टेस्ट मैच खेलना जारी रखते हैं, तो वह इस फॉर्मेट में एमएस धोनी के कुल रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ देंगे। पंत इंग्लैंड के खिलाफ हाल में संपन्न टेस्ट सीरीज में इंजरी के बाद रिकवरी की राह पर हैं। आकाश चोपड़ा ने रविवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,'टेस्ट मैचों और रनों की संख्या के मामले में एमएस धोनी शीर्ष पर हैं। उन्होंने 90 मैच में 144 पारियां खेली हैं, जिसमें 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए हैं। उनके नाम छह शतक हैं। पंत ने पिछले पांच सालों में छह शतक लगाए हैं और कुल 8 टेस्ट शतक लगाए हैं।'

पंत तोड़ देंगे धोनी के टेस्ट रनों का रिकॉर्ड

आकाश चोपड़ा ने कहा,'अगर हम कुल मिलाकर देखें, तो ऋषभ पंत आठ शतक लगा चुके हैं और एमएस धोनी छह शतक लगा चुके हैं। ऋषभ पंत पहले ही रनों की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। वह एमएस धोनी से 1,400 रन पीछे हैं और लगभग आधे मैच खेल चुके हैं। अगर वह और खेलेंगे, तो जाहिर है कि वह एमएस धोनी से आगे निकल जाएंगे। पंत ने अब तक 47 टेस्ट मैचों में 44.50 की औसत से 3,427 रन बनाए हैं। उनके शतकों की संख्या आठ है, जो धोनी के छह शतकों से दो ज्यादा है। क्या यह कहना सही होगा कि पंत भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले सबसे महान विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं।'

एडम गिलक्रिस्ट भी छूट सकते हैं पीछे

उन्होंने कहा कि दुनिया के अब तक के श्रेष्ठ विकेटकीपरों की सूची देखें तो एडम गिलक्रिस्ट ने 96 मैचों में 47.60 की औसत से 5,570 रन बनाए हैं। वह फिलहाल पंत से आगे हैं, लेकिन पीछे छूट सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट के सफलतम विकेटकीपर-बल्लेबाज की बात करें तो पहले स्थान पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा का नाम है। उन्होंने 134 टेस्ट मैचों में 12,400 रन बनाए। इसमें कुल 38 शतक हैं। इंग्लैंड के हालिया टेस्ट दौरे पर पंत ने सात पारियों में 68.42 की शानदार औसत से 479 रन बनाए। इसमें हेडिंग्ले में सीरीज के पहले मैच में लगाए दो शतक भी शामिल हैं।

(आईएएनएस)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article