रायपुर: उप-कप्तान शेफाली वर्मा ने गुरुवार को कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी को ध्यान में रखते हुए निर्भीक अंदाज में, लेकिन समझदारी के साथ क्रिकेट खेलना चाहती है। भारतीय महिला टीम पहली बार द्विपक्षीय सीरीज में जिम्बाब्वे का सामना करेगी। यह टी20 सीरीज फरवरी में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारियों का हिस्सा है।
निडर होकर समझदारी के साथ खेलना चाहते हैं क्रिकेट
भारत और जिम्बाब्वे के बीच यहां तीन मैच की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दोनों टीम तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए वडोदरा जाएंगी। सीरीज के पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बात करते हुए शेफाली ने कहा,'हमने इस बारे में चर्चा की है कि चैंपियंस ट्रॉफी तक हमें इस सीरीज में निडर होकर और समझदारी के साथ क्रिकेट खेलना है। हमने कई बैठकें की हैं इसलिए हर किसी को पता है कि उसे क्या करना है। हम बस हर सीरीज के साथ अपने खेल में लगातार सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं।'
जिम्मेदारी है उपकप्तानी, टाइटल नहीं
शेफाली वर्मा ने कहा कि मैंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम की कमान संभाली है। मेरे पास वह अनुभव है। उपकप्तान बनना केवल टाइटल नहीं है बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। हमें हर खिलाड़ी का ख्याल रखना है। मैं हर खिलाड़ी को सहज रखना चाहती हूं और कप्तान की मदद करना चाहती हूं।
ऐसा रहा है शेफाली का करियर
शेफाली ने अपने 7 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 7 टेस्ट, 32वनडे और 119 टी20आई मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 49.23 के औसत से एक शतक तीन अर्धशतक की मदद से 640 रन, 32 वनडे में 24.04 के औसत से 745 रन बनाए हैं। इसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं 119 टी20आई मैच की 118 पारी में 30.22 के औसत से 3325 रन बनाए हैं।
(भाषा)
